मंत्री शेखावत का कांग्रेस पर तंज: जो सरकार बनाने की बात करते थे, वे दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाएं
मंत्री शेखावत ने कहा, बिहार की जनता ने झूठे नैरेटिव की राजनीति को नकार दिया. साफ संदेश दिया कि अब केवल विकास की बात होगी.

Published : November 15, 2025 at 1:31 PM IST
जोधपुर: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि झूठे नैरेटिव गढ़कर वोट चोरी जैसे अर्थहीन, आधारहीन आक्षेप और संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा वोट लेने का प्रयास अब जनता स्वीकार नहीं करेगी. बिहार चुनाव ने अच्छे से देश के सामने ऐसी कोशिश का अंजाम स्पष्ट कर दिया. उन्होंने अंता उपचुनाव में भाजपा की हार का आत्म अवलोकन करने की बात कही.
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शनिवार को गृह नगर पहुंचे. मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि भाजपा और एनडीए के सभी घटक दलों ने बिहार में जिस तरह से एकजुटता का परिचय देते चुनाव लड़ा, वह सराहनीय है. बिहार चुनाव में मुख्य मुद्दा 'जंगलराज' बनाम 'विकासवाद' का था. दोनों के बीच जनता को चुनाव करना था. जनता ने एनडीए को प्रचंड बहुमत देकर जता दिया कि देश में अब केवल विकास-आधारित राजनीति ही चलेगी.
पढ़ें:बिहार चुनाव और गहलोत की जादूगरी पर ये क्या बोल गए केंद्रीय मंत्री शेखावत...जानिए
दहाई तक नहीं पहुंचे: बिहार चुनाव में विपक्षी गठबंधन को लेकर शेखावत ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी नेताओं ने चुनाव को हल्के स्तर पर ले जाने का प्रयास किया था. प्रधानमंत्रीजी की माताजी से लेकर छठी मैया तक हल्की टिप्पणी की. जनता ने विपक्षी गठबंधन को नहीं बख्शा. बिहार की जनता ने उनके मुंह पर करारा तमाचा मारा. कांग्रेस का नाम लिए बगैर शेखावत ने कहा कि जो सरकार बनाने की बात करते थे, वे दहाई के आंकड़े में भी नहीं पहुंच पाए.
बढ़ चढ़कर मतदान: शेखावत ने कहा कि कई उदाहरण मिल जाएंगे, जब परिवर्तन के लिए लोगों ने अधिक मतदान किया, लेकिन बिहार में इस बार पहली बार देश की जनता ने नकारात्मक और झूठ की राजनीति करने वाले लोगों को जवाब देने के लिए औसत से अधिक मतदान किया. एनडीए की सरकार बना संदेश दिया कि अब देश में झूठ की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं बची.
हमारी स्ट्राइक रेट देखिए: मंत्री शेखावत ने कहा कि एनडीए ने सभी घटकों की स्ट्राइक रेट देखिए. भाजपा, जदयू, एलजेपी और हम, सभी की स्ट्राइक रेट लगभग 80 से 90% रही. सभी घटक दलों ने एक-दूसरे को समर्थन करते हुए सामूहिक शक्ति से चुनाव लड़ने और जीतने का नया उदाहरण पेश किया.
पढ़ें: केंद्रीय मंत्री शेखावत का दावा, 'बिहार में बनेगी एनडीए सरकार'
अंता में हार का विश्लेषण करेंगे: अंता उपचुनाव में भाजपा की हार के सवाल पर मंत्री ने कहा कि उपचुनाव को आम चुनाव के बराबर कर नहीं देखा जा सकता. केवल दो बार को छोड़कर अधिकांश समय अंता सीट भाजपा के खाते में नहीं आई. जो कुछ कारण और विषय रहे, यह आत्मवलोकन का विषय है. हम सब मिलकर इस पर विचार करेंगे.
कश्मीर में विस्फोट की घटना: कश्मीर में विस्फोट पर शेखावत बोले, अभी पूरे पुख्ता समाचार नहीं आए हैं. दिल्ली हादसे से पहले से जब जानकारी आई थी, तब से लेकर सारी एजेंसियां सतर्कता के साथ काम कर रही थीं. निश्चित रूप से हादसा दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन हादसे से पहले जिस तरह 2900 किलो विस्फोटक बरामद हुआ, यह जान दिल दहल जाता है कि वे अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते तो कितना बड़ा नुकसान हो सकता था. सरकार का संकल्प है कि आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति है. इसके दोषी, अंजाम देने वाले और इस मानसिकता को पनपाने वाले हर व्यक्ति को नेस्तनाबूत करेंगे.
आज शेरगढ़ प्रवास पर: मंत्री शेखावत का दिल्ली से सुबह जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने स्वागत किया. शेखावत ने गले मिलकर राठौड़ को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने शेखावत को प्रसाद खिलाया. शेखावत विधायक राठौड़ के साथ शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में दिनभर प्रवास करेंगे. मंत्री ने एयरपोर्ट पर कई गणमान्य लोगों से मुलाकात की.

