New Year 2026 का जश्न शांति और कानून के दायरे में ही मनाएं, हुड़दंग पर जीरो टॉलरेंस, पुलिस ने की ये अपील
नए साल के जश्न को सुरक्षित और अनुशासित माहौल में मनाने के उद्देश्य से सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 30, 2025 at 5:06 PM IST
बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार भाटापारा जिले में नववर्ष के अवसर पर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने ETV भारत से विशेष बातचीत में पुलिस की तैयारियों और सख्ती को लेकर विस्तार से जानकारी दी. आईपीएस भावना गुप्ता ने भी जिलेवासियों से जिम्मेदारी और संयम बरतने की अपील की है.
'जश्न पर कोई रोक नहीं, लेकिन अराजकता बर्दाश्त नहीं'
ETV भारत से बातचीत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य किसी की खुशियों में खलल डालना नहीं है. नववर्ष का उत्सव सभी लोग मनाएं, लेकिन यह उत्सव कानून और सामाजिक मर्यादा के दायरे में ही होना चाहिए. पिछले वर्षों के अनुभव को देखते हुए इस बार पहले से ही दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.
सड़कों पर रुककर केक काटना, सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ जुटाकर हुड़दंग करना, तेज रफ्तार वाहन चलाना या यातायात बाधित करना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा-अभिषेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
ड्रिंक एंड ड्राइव पर विशेष सख्ती
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि नववर्ष की रात सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं शराब पीकर वाहन चलाने के कारण होती हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां यातायात पुलिस और थाना पुलिस संयुक्त रूप से वाहन जांच करेगी. शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भारी जुर्माना, लाइसेंस निरस्तीकरण और वाहन जब्ती तक की कार्रवाई संभव है.

स्टंट और रेसिंग पर जीरो टॉलरेंस
एएसपी अभिषेक सिंह ने कहा कि नववर्ष के दौरान बाइक और कार से स्टंट करने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जो न केवल स्टंट करने वाले के लिए, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी घातक साबित होती हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि चलती गाड़ी के दरवाजे, बोनट या छत पर खड़े होकर स्टंट करना, सड़क पर रेसिंग करना या यातायात नियमों की अनदेखी करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आएगा. ऐसे मामलों में केवल चालान नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जाएगा.
डीजे और तेज आवाज पर नियंत्रण
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि बिना अनुमति डीजे बजाना और निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में साउंड सिस्टम चलाना कानूनन अपराध है. रात्रि समय में विशेष रूप से इस पर नजर रखी जाएगी.नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है.
आईपीएस भावना गुप्ता की जिलेवासियों से अपील
आईपीएस भावना गुप्ता ने नववर्ष के अवसर पर जिलेवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि नया साल खुशियों और नई शुरुआत का प्रतीक है. इसे किसी दुर्घटना, विवाद या कानूनी परेशानी के साथ शुरू न करें. भावना गुप्ता ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह आपकी सुरक्षा के लिए तैनात है, लेकिन हर नागरिक की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह नियमों का पालन करे.
उन्होंने युवाओं से खास तौर पर अपील की है कि वे जोश में होश न खोएं. तेज रफ्तार, स्टंट और ड्रिंक एंड ड्राइव जैसी गतिविधियों से दूर रहें. सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखें, दूसरों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखें और किसी भी तरह का विवाद बढ़ने से पहले पुलिस को सूचना दें.
महिलाओं और परिवारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
आईपीएस भावना गुप्ता ने कहा कि नववर्ष की रात महिलाएं, बच्चे और परिवार बड़ी संख्या में बाहर निकलते हैं. ऐसे में पुलिस की प्राथमिकता है कि सभी खुद को सुरक्षित महसूस करें. सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौच या छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पूरे जिले में बढ़ी पुलिस निगरानी
पुलिस प्रशासन ने जिले के प्रमुख चौराहों, बाजारों, होटल-ढाबों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है. रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है और कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है.
आपात स्थिति में तुरंत करें संपर्क
पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आपात स्थिति या कानून उल्लंघन की जानकारी तुरंत दें. डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम बलौदाबाजार के नंबर 94791 90629 पर संपर्क किया जा सकता है.
पुलिस का संदेश
''नववर्ष का स्वागत खुशी, शांति और जिम्मेदारी के साथ करें. कानून के दायरे में रहकर मनाया गया उत्सव ही सच्ची खुशी देता है. जश्न मनाएं, लेकिन कानून और समाज दोनों का सम्मान करते हुए. नया साल सुरक्षित, शांत और सकारात्मक माहौल में शुरू हो.''

