झज्जर में BJP नेता के स्कूल के बाहर अंधाधुंध फायरिंग, CCTV वीडियो आया सामने, बदमाश मौके से फरार
हरियाणा के झज्जर के बहादुरगढ़ में बीजेपी नेता राकेश कोच के स्कूल के बाहर फायरिंग का सीसीटीवी सामने आया है.

Published : January 4, 2026 at 5:54 PM IST
|Updated : January 4, 2026 at 9:00 PM IST
झज्जर : हरियाणा के झज्जर के बहादुरगढ़ शहर के भाजपा नेता और हरियाणा ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष व हरियाणा कुश्ती संघ के महासचिव राकेश कोच के स्कूल के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की गई है. कुछ बदमाशों ने रात के अंधेरे में स्कूल के गेट पर जमकर गोलियां चलाई. बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे.
स्कूल के बाहर फायरिंग : सीसीटीवी में साफ साफ दिख रहा है कि दो बदमाश गाड़ी से उतरे. एक के दोनों हाथों में पिस्तौल थी और दूसरा बदमाश मोबाइल कैमरा ऑन कर उसका वीडियो बना रहा था. दहशत फैलाने के लिए बदमाश ने दोनों हाथों से गोलियां चलाई और आसानी से फरार भी हो गए. गोलीबारी की घटना से स्कूल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. फायरिंग करने वाले बदमाशों ने राकेश कोच के भाई सीटू को अपशब्द कहते हुए फायरिंग की है. बताया जा रहा है कि योगेश उर्फ सीटू के साथ कुछ दिन पहले फ़ोन कर किसी के साथ बहस भी हुई थी.
सुरक्षा बढ़ाने की मांग : एसीपी प्रदीप खत्री ने बताया कि योगेश उर्फ सीटू की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. योगेश उर्फ सीटू पर भी पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. गोलीबारी का मामला योगेश उर्फ सीटू से जुड़ा बताया जा रहा है. योगेश उर्फ सीटू का स्कूल द न्यू ब्रेन और राकेश कोच का मॉर्डन स्कूल साथ-साथ सटे हुए हैं. बताया गया है कि घटना के वक्त राकेश कोच स्कूल परिसर में नहीं थे. मॉडर्न स्कूल कर्मचारी प्रवीन कुमार ने इस वारदात को देखते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. पुलिस की कई टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी के आधार पर बदमाश की पहचान करने की कोशिशें भी की जा रही है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - अंबाला में युवक ने दोस्त पर की फायरिंग, बैग को लेकर हुआ था विवाद
ये भी पढ़ें - रोहतक में गैंगवार मामले में पुलिस का खुलासा, भाऊ गैंग और अंकित बाबा गैंग में 40 राउंड फायरिंग
ये भी पढ़ें - चंडीगढ़ टिंबर मार्केट में कार सवार युवक की हत्या, सेक्टर-26 में अंधाधुंध फायरिंग, पुलिस ने जताई गैंगवार की आशंका

