CBSE ने उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की समय सीमा बढ़ाई; छात्रों को मिली राहत
सीबीएसई ने पहले स्कैन कॉपी लेने की अंतिम तिथि 23 मई 2026 तय की थी.

Published : May 22, 2026 at 5:29 PM IST
नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने लगातार तकनीकी दिक्कतों और वेबसाइट पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी लेने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. अब छात्र 24 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. इससे उन हजारों छात्रों को राहत मिली है जो पिछले कई दिनों से पोर्टल की समस्या के कारण आवेदन नहीं कर पा रहे थे.
सीबीएसई द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बोर्ड की वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक देखा गया है. साथ ही वेबसाइट पर अनधिकृत हस्तक्षेप की कोशिशें भी हुईं, जिससे पोर्टल बार-बार प्रभावित हुआ. इसी वजह से कई छात्रों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ा. छात्रों का कहना था कि पोर्टल खुल नहीं रहा, कई बार भुगतान के बाद भी आवेदन अधूरा दिख रहा, जबकि कुछ छात्रों को लॉगिन करने में भी कठिनाई हुई. सोशल मीडिया पर भी छात्रों और अभिभावकों ने लगातार शिकायतें दर्ज कराईं.
पहले 23 मई थी अंतिम तारीख
सीबीएसई ने पहले स्कैन कॉपी लेने की अंतिम तिथि 23 मई 2026 तय की थी. लेकिन तकनीकी समस्याओं को देखते हुए अब इसे बढ़ाकर 24 मई 2026 कर दिया गया है. बोर्ड ने साफ कहा है कि किसी भी छात्र को तकनीकी खामी के कारण नुकसान नहीं होने दिया जाएगा.
बोर्ड ने जल्द आवेदन करने की दी सलाह
बोर्ड ने यह भी जानकारी दी कि उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी मिलने के बाद छात्रों को वेरिफिकेशन ऑफ मार्क्स, उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन और अन्य प्रक्रियाओं के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय मिलेगा. इससे छात्र अपनी कॉपी को ध्यान से देखकर आगे की प्रक्रिया के लिए आवेदन कर सकेंगे. सीबीएसई ने छात्रों को सलाह दी है कि वह अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें. बोर्ड ने कहा कि सभी नियम और शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी.
ये भी पढ़ें:

