जगदलपुर में खुली अत्याधुनिक कैथ लैब, अब बस्तर के हृदय रोगियों को नहीं जाना पड़ेगा बाहर
स्थानीय स्तर पर होगा दिल की बीमारियों का इलाज, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया कैथ लैब का उद्घाटन

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 9, 2026 at 4:59 PM IST
बस्तर: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के लोगों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में राहत भरी खबर है. प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जगदलपुर के कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल में एक अत्याधुनिक कैथ लैब (Cath Lab) का उद्घाटन किया है. जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री का भव्य स्वागत किया, जिसके बाद वे सीधे अस्पताल पहुंचे और इस नई चिकित्सा सुविधा को जनता को समर्पित किया.
बड़े शहरों की दौड़ से मिलेगी मुक्ति
इस आधुनिक कैथ लैब के शुरू होने से बस्तर और आसपास के ग्रामीणों को अब दिल से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए रायपुर, विशाखापट्टनम या दिल्ली जैसे बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी. पहले हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को आपातकालीन स्थिति में सैकड़ों किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जिससे रास्ते में ही उनकी जान का जोखिम बना रहता था. अब यह एडवांस इलाज स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगा.
जिस तरह बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सफलता मिली है और नक्सलवाद समाप्ति को 100 दिन पूरे हुए हैं उसी तरह स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है- श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री

समय और पैसे दोनों की होगी बचत
अस्पताल में कैथ लैब की सुविधा मिलने से अब मरीजों को एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर लगाने जैसी जटिल चिकित्सा सुविधाएं जगदलपुर में ही मिल सकेंगी. हार्ट अटैक जैसी आपातकालीन स्थिति में शुरुआती समय (गोल्डन ऑवर) बेहद कीमती होता है. स्थानीय स्तर पर तुरंत इलाज मिलने से न केवल कई मासूम जिंदगियां बचाई जा सकेंगी, बल्कि मरीजों के परिवारों का समय और इलाज पर होने वाला भारी-भरकम खर्च भी बचेगा.

पीपीपी मॉडल और देश के बड़े डॉक्टरों का साथ
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि बस्तर के लोगों को बेहतर इलाज देने के लिए इस अस्पताल को पीपीपी (सार्वजनिक-निजी भागीदारी) मॉडल पर संचालित किया जा रहा है. इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां देश के कई राज्यों जैसे दिल्ली, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के नामचीन विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इससे बस्तर के गरीब और आदिवासी मरीजों को भी देश का सबसे बेहतरीन इलाज अपने ही घर के पास मिल सकेगा.
स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प
लोकार्पण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बस्तर में सुरक्षा और विकास का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जिस तरह बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिल रही है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, ठीक उसी तरह सरकार बस्तर की स्वास्थ्य सेवाओं को भी एक नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि हर नागरिक तक आधुनिक इलाज पहुंच सके.

