ETV Bharat / state

PM-RAHAT योजना बनेगी जीवन रक्षक कवच, गोल्डन आवर में मिलेगा डेढ़ लाख तक कैशलेस इलाज: मंत्री इरफान अंसारी

सड़क दुर्घटना पीड़ितों की इलाज सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय परिवहन मंत्रायलय द्वारा डेढ़ लाख तक कैशलेस इलाज मुहैया कराया जाएगा.

ROAD ACCIDENT TREATMENT SCHEME
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 27, 2026 at 8:27 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट: उपेंद्र कुमार

रांची: केंद्र सरकार द्वारा सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित और सुनिश्चित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 162 के अंतर्गत अधिसूचित PM-RAHAT (Prime Minister–Road Accident Victims Hospitalization and Assured Treatment) योजना 4 मई 2025 को नोटिफाई किया गया. साथ ही 13 फरवरी 2026 को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया है. यह योजना आयुष्मान भारत के पोर्टल TMS 2.0 प्लेटफॉर्म पर संचालित की जा रही है.

24 घंटे के अंदर कराना होगा अस्पताल में भर्ती

योजना के तहत किसी भी श्रेणी की सड़क पर मोटर वाहन से हुई दुर्घटना के पीड़ित को दुर्घटना की तिथि से अधिकतम 7 दिनों तक 1.5 लाख रुपए तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा. पात्र मामलों में इस योजना को अन्य सभी योजनाओं पर प्राथमिकता दी गई है. दुर्घटना से संबंधित थाने द्वारा सत्यापन के बाद इलाज की प्रक्रिया प्रारंभ होगी. हालांकि दुर्घटना के 24 घंटे के बाद अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में उपचार व्यय योजना के अंतर्गत कवर नहीं किया जाएगा.

केंद्र सरकार की इस महती योजना का राज्य में सफल क्रियांवयन के उद्देश्य से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और स्वास्थ्य सचिवों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की. इस वीसी में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी भी जुड़े. बैठक के दौरान झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने अपने विचार रखते हुए योजना की सराहना की.

गोल्डन अवर में आर्थिक सहायता सराहनीय: मंत्री

मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि इस योजना से लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा. जब कोई व्यक्ति जीवन और मृत्यु से जूझ रहा हो, उस गोल्डन आवर में आर्थिक सहायता के साथ गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है. इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए, कम है. मंत्री ने विनम्रतापूर्वक पहले अपनी बात रखने का आग्रह किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तत्परता से सहमति देते हुए उन्हें सबसे पहले अपनी बात रखने का मौका दिया.

मत्री इरफान अंसारी दिल्ली में की विस्तृत बैठक की मांग

वीसी के दौरान मंत्री इरफान अंसारी ने अपनी ओर से सुझाव देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण विषय पर सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ दिल्ली में विस्तृत बैठक आयोजित की जाए. इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही दिल्ली में बैठक बुलाई जाएगी. साथ ही सभी राज्यों की भावनाओं का ख्याल रखा जाएगा.

बैठक के दौरान मंत्री ने अपने गृह जिले जामताड़ा की एक अति महत्वपूर्ण लंबित सड़क परियोजना का भी मुद्दा उठाया. जिस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया कि इस विषय पर दिल्ली में विस्तार से चर्चा कर उचित कार्रवाई की जाएगी. PM-RAHAT योजना को सड़क दुर्घटना पीड़ितों को गोल्डन आवर में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है. राज्य स्तर पर संबंधित एजेंसियों और नामित अस्पतालों को इसके प्रभावी क्रियांवयन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

ये भी पढ़ें: चतरा प्लेन क्रैश के मृतकों के परिवार से मंत्री इरफान अंसारी ने की मुलाकात, कहा- झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था है खराब

झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सियासी संग्राम तेज, बाबूलाल मरांडी और इरफान अंसारी के बीच नोकझोंक

बीजेपी पर भड़के मंत्री इरफान अंसारी, कहा- ये लोग नहीं हैं हिंदुस्तानी, निशिकांत दुबे पर कही ये बात