महाराष्ट्र में एटीएम से कैश चोरी का मामला, नूंह पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Thief arrested in Nuh: नूंह पुलिस ने महाराष्ट्र में एटीएम से छेड़छाड़ कर रुपये लूटने के मामले में वांछित आरोपी जाकिर को गिरफ्तार किया है.

Published : December 27, 2025 at 7:52 AM IST
नूंह: हरियाणा की नूंह पुलिस ने महाराष्ट्र में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर रुपये लूटने के मामले में वांछित आरोपी जाकिर को गिरफ्तार किया है. आरोपी नूंह जिले के बुखाराका गांव का निवासी है. नूंह पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस से इनपुट मिला था कि एटीएम से रुपये लूटने वाला नूंह का निवासी है. इसी आधार पर नूंह पुलिस ने टीम का गठन कर आरोपी को गिरफ्तार किया है.
महाराष्ट्र में एटीएम से कैश चोरी का आरोपी गिरफ्तार: गिरफ्तारी के बाद आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले जाया गया. पुलिस ने एक अर्टिगा कार भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था.
आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस को सौंपा गया: डीएसपी अजायब सिंह ने खुलासा किया कि महाराष्ट्र में एक एटीएम लूट की घटना को अंजाम देने वाला जाकिर लंबे समय से वांछित था. नूंह पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर समन्वय बनाए रखा और आरोपी को सफलतापूर्वक पकड़ा.
ऑपरेशन हॉटस्पॉट के तहत कार्रवाई: डीएसपी ने बताया कि डीजीपी के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट के तहत जिले की पुलिस लगातार सक्रिय है. इस अभियान के तहत अन्य राज्यों में वारदात करने वाले अपराधियों पर सख्त शिकंजा कसा जा रहा है. इसी कड़ी में जाकिर की गिरफ्तारी एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के साथ सहयोग जारी रहेगा और ऐसे सभी अपराधियों को जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा.

