शैतान बना राजमिस्त्री, नाबालिग की अस्मत लूटी, फिर दोस्तों को परोस दिया
परिचित राजमिस्त्री, पीड़िता को मजदूरी के लिए बाहर ले गया. इस दौरान उसने दुष्कर्म किया और उसे अपने साथियों के हवाले कर दिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 5:25 PM IST
सोनभद्र: सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला गांव में नाबालिग आदिवासी किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है.
घटना बीते 30 दिसम्बर की है, जब पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी. इस मामले में पुलिस ने शनिवार को एक नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले को लेकर छानबीन कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार लड़की नाबालिग थी और अनुसूचित जनजाति की है. वो मजदूरी करती है. घटना तीन दिन पहले रात के समय की बताई जा रही है, जब उसका परिचित एक राजमिस्त्री पप्पू उर्फ बिंदु यादव उसको मजदूरी कराने के बहाने बहला-फुसला कर कहीं दूसरी जगह ले गया था.
जानकारी के मुताबिक पहले तो उसने पीड़िता के साथ खुद दुष्कर्म किया फिर अपने पहचान के दो लोगों को बुलाया. उन दोनों ने भी युवती के साथ बुरा काम किया. फिर सब मौके से फरार हो गए.
वहां से डरी सहमी पीड़िता किसी तरह एक दुकान पर पहुंची. युवती ने अपने साथ हुई घटना की आपबीती बताई, तो दुकानदार ने ही मामले की जानकारी डायल 112 पर दी. तत्काल मौके पर पहुंची डायल 112 तत्काल ने युवती से घटना की जानकारी ली.
रात होने की वजह से डायल 112 ने युवती को अपने साथ ले जाकर उसके घर पर छोड़ दिया. युवती ने यह भी बताया कि उसका मोबाइल भी आरोपियों ने छीन लिया.
वहीं, घटना सामने आते ही पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है. पुलिस लड़की को घटना स्थल पर लेकर गई थी. पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी इकट्ठा की साथ ही पुलिस द्वारा युवती का मेडिकल भी कराया गया है. पुलिस पीड़ित युवती से आरोपियों की पहचान के लिए डिटेल खंगाल रही है.
ओबरा थानाध्यक्ष विजय चौरसिया ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी पप्पू उर्फ बिंदु यादव निवासी ग्राम कन्हरा थाना ओबरा और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें - तांत्रिक ने किशोरी को बनाया बंधक, इलाज के नाम पर रेप का प्रयास

