गंगा में नॉनवेज फेंकने का मामला, बाइक की हुई पहचान, दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज
हिंदुवादी संगठनों ने मामले में शिकायत की थी. जिसके बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 22, 2026 at 3:03 PM IST
हरिद्वार: ज्वालापुर क्षेत्र में गंगनहर में कथित रूप से चिकन बिरयानी फेंके जाने को लेकर कुछ लोगों ने हंगामा किया. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ज्वालापुर के लालपुल के पास नॉनवेज की दुकान चलाने वाले दो युवकों ने बचा हुआ सामान गंगनहर में डाल दिया. उन्हें ऐसा करते देख कुछ स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. इस दौरान वीडियो बना रहे युवक ने गंगा में सामग्री डाल रहे युवकों से हाथापाई और गाली गलौज भी की. मामले में साधु संत और हिंदूवादी संगठन कार्रवाई की मांग की है. जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कर लिया है.
ज्वालापुर क्षेत्र में गंगा में नॉनवेज बिरयानी फेंकने का मामला सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हिंदू क्रांति दल के पदाधिकारी ने दो युवकों पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और शहर का माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए ज्वालापुर कोतवाली में यह मुकदमा दर्ज कराया है. मामले का वीडियो भी बनाया गया है.
हिंदू क्रांति दल से जुड़े चरनजीत पाहवा ने ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 18 मई की रात दुर्गा विहार के पास दो युवक बाइक नीले रंग का ड्रम लेकर पहुंचे. उसमें भरी नॉनवेज बिरयानी गंगा में डालने लगे. आरोप है कि स्थानीय लोगों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों युवक ड्रम छोड़कर मौके से फरार हो गए. आरोप लगाया गया है कि आरोपी इस तरह की हरकतें रोज करते हैं. जिससे मां गंगा का अपमान हो रहा है.
इसका वीडियो वायरल होने के बाद साधु संतों ने भी इसकी निंदा की. महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने कहा कि यह मां गंगा को अपवित्र करने की साजिश है. ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
वहीं, ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच शुरू कर दी है, जल्द ही कार्रवाई की जाएगी.
सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया गंगनहर में नॉनवेज फेंकने की शिकायत मिलते ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बाइक के नंबर को आइडेंटिफाई कर लिया गया है. शीघ्र ही मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
- पढे़ं-
- गंगा किनारे प्रतिबंधित क्षेत्र में नॉनवेज की डिलीवरी, नगर निगम ने कंपनी को भेजा नोटिस, जानिए पूरा मामला
- हरिद्वार के प्रतिबंधित क्षेत्र में नॉनवेज की ऑनलाइन डिलीवरी, आधे घंटे के अंदर पहुंचा पार्सल, संत समाज ने दी चेतावनी
- केदारनाथ में नॉनवेज और शराब परोसने वालों को बैन करने की तैयारी! मंत्री की बैठक के बाद BJP विधायक ने दिया बयान

