बोकारो में आचार संहिता का खुला उल्लंघन, डीइओ सह डीसी के आदेश की भी हो रही है अवहेलना
बोकारो में चास नगर निगम चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन का मामला सामने आया है. डीसी के आदेशों का भी उल्लंघन किया जा रहा.

Published : February 18, 2026 at 8:37 PM IST
|Updated : February 18, 2026 at 8:53 PM IST
बोकारो: चास नगर निगम चुनाव में खुलेआम आचार संहिता की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. प्रशासन इस पर नजर नहीं रख रहा है. दरअसल, चास नगर निगम इलाके में मेयर और वार्ड पार्षद उम्मीदवार प्रचार के लिए सरकारी पानी की टंकियों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं, जहां वे अपने प्रचार पोस्टर लगा रहे हैं. चास के बंसीडीह हरिमंदिर में बनी सरकारी पानी की टंकी पर भी ऐसा ही मामला देखने को मिला.
चुनाव को लेकर बोकारो के डीईओ और डीसी अजय नाथ झा ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी उम्मीदवार चुनाव की घोषणा होते ही अपने पोस्टर, बैनर या वॉल राइटिंग हटा दें. उन्होंने अपने डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट को भी निर्देश दिया कि चुनाव की घोषणा के बाद नगर निगम इलाके से सभी पोस्टर हटा दें, नहीं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. डीईओ और डीसी के ये निर्देश जारी करने के कई दिन बाद भी बैनर और पोस्टर लगे हुए हैं. यह चुनाव आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन है.
हालांकि, चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि बिना इजाजत के होर्डिंग्स नहीं लगाए जाने चाहिए. सरकारी जगहों या बिल्डिंग में प्रचार सामाग्री का इस्तेमाल नहीं होना है. अगर ऐसा कोई मामला सामने आता है, तो जांच के बाद संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा. इसी तरह, आम लोगों के घरों पर भी उनकी सहमति के बाद ही पोस्टर, बैनर या होर्डिंग लगा सकते हैं. अगर घर का मालिक सहमत नहीं है, तो उस प्रत्याशी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा. इस बारे में एसडीपीओ ने कहा कि अगर किसी सरकारी बिल्डिंग या पानी की टंकी पर बैनर लगाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी इसकी जांच करेंगे.
यह भी पढ़ें:
अल्पसंख्यक सिर्फ वोट देने के लिए नहीं है, हमें भी अपनी हिस्सेदारी चाहिए: मंत्री इरफान अंसारी
झारखंड सरकार अपने प्रत्याशी को जीताने के लिए हर हथकंडा अपनाने को तैयार, बीजेपी नेता ने बोला हमला

