कानपुर में आठ लाख की लूट ने खोली 1600 करोड़ की हेराफेरी, पुलिस ले रही ED, IT और RBI की मदद
हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार आरोपियों से 11 लाख रुपये की रकम बरामद,

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 7:40 PM IST
कानपुर: शहर के चकेरी थाना पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह हाफ एनकाउंटर में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों के खुलासे ने कानपुर पुलिस को एक ऐसे आरोपी तक पहुंचा दिया, जो 12 बैंकों के 68 खातों में 1600 करोड़ रुपये का हेरफेर कर फरार है.
यह जानकारी जैसे ही कमिश्नरेट अफसरों को मिली, उनके कान खड़े हो गए. फौरन पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले चकेरी थाना क्षेत्र में आठ लाख रुपये की लूट हुई थी, जिसमें पीड़ित वासिद मुकदमा कराने को तैयार नहीं था. हालांकि, उसकी दी हुई तहरीर पर जब पुलिस ने जांच की और बैंक तक पहुंची, तो वहां से मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम हैरान रह गई.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के मुताबिक घटना वाले दिन वादी वासिद और उसके साथी अरशद से आठ लाख रुपये की लूट केवल एक बहाना था, बल्कि यह दोनों महफूज के 25 लाख रुपये की राशि बांटने जा रहे थे. पुलिस टीम को ये जानकारी शुक्रवार सुबह तब मिली, जब पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों रहमान व शुभान को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से पुलिस को 11 लाख रुपये की रकम बरामद हुई है.
पुलिस आयुक्त ने बताया, इस पूरे मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को अरेस्ट किया गया है, जिनमें यासिन, मुजाहिद, रहमान, शुभान, लारेब व जीशान शामिल हैं. अब पुलिस मुख्य आरोपी महफूज की तलाश कर रही है.
पुलिस आयुक्त रघुवीर के मुताबिक महफूज ने सवा दो साल में आईडीबीआई बैंक से 850 करोड़ रुपये का लेनदेन किया है. इसी तरह कई अन्य बैंकों से जब संपर्क किया गया, तो पता चला कि उसने अपने 12 बैंकों के 68 खातों में 1600 करोड़ रुपये का हेरफेर किया है. महफूज को तार कश्मीर, दिल्ली व नेपाल से जुड़े हैं. इस गंभीर मामले की जांच पुलिस की कई टीमें कर रही हैं.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने कहा कि कानपुर पुलिस अब इस मामले में ईडी, आयकर व आरबीआई अफसरों की मदद लेगी. जो बैंक खातों के साक्ष्य हमें मिले हैं, उनके सभी ट्रांजेक्शंस की जानकारी लेंगे. महफूज के पिछले कुछ सालों की गतिविधियों का रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है, जो आरोपी हैं, उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है. सभी आरोपियों पर मुकदमे दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: कानपुर में प्रतिबिम्ब पोर्टल से ठगी करने वाले चार गिरफ्तार, 90 लाख से अधिक की धोखाधड़ी का खुलासा
ये भी पढ़ें: कानपुर प्रॉपर्टी फ्रॉड: पूर्व ज्वाइंट कमिश्नर और व्यापारी नेता पर FIR

