पहले महिला और बच्चों को मारी टक्कर, फिर घर में घुसकर किया हमला, 10 से ज्यादा लोगों पर मुकदमा दर्ज
लक्सर में महिला और उसके दो मासूम बच्चों को बाइक द्वारा टक्कर मारने का विरोध करना भारी पड़ गया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 8, 2026 at 10:10 AM IST
लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रायघटी गांव में दबंगई और हिंसा की सनसनीखेज घटना सामने आई है. घर के पास दुकान से सामान लेने जा रही महिला और उसके दो मासूम बच्चों को गांव के ही एक युवक ने लापरवाही से बाइक से टक्कर मार दी. महिला द्वारा विरोध जताने पर आरोपी युवक ने महिला और बच्चों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई. लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रोथान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है.
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बाइक सवार युवक अपने परिजनों और साथियों के साथ लाठी, डंडे, फावड़े और लोहे की रॉड लेकर पीड़िता के घर पहुंच गए. चार महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर जमकर मारपीट की. इस हमले में गर्भवती महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायलों को आरोपियों के चंगुल से बचाकर लक्सर अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है.
पीड़ित जॉनी निवासी रामपुर रायघटी ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी भाभी अपने दो बच्चों के साथ दुकान पर जा रही थी, तभी बाइक सवार युवक ने जानबूझकर टक्कर मार दी और विरोध करने पर मारपीट की. आरोपी अपने साथियों के साथ हथियार लेकर घर पर हमला करने पहुंचा और उसके, उसके भाई शुभम और गर्भवती भाभी को बेरहमी से पीटा.
इस मामले में लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रोथान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार महिलाओं समेत अनुज, सचिन, अंकित, अभिषेक, रोहित, निखिल, मिथुन व अन्य लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.
पढ़ें-

