जिला पंचायत सदस्य से पति पर मारपीट का आरोप, घायल एम्स में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रुद्रप्रयाग की जिला पंचायत सदस्य के पति पर व्यक्ति पर हमला करने के आरोप मुकदमा दर्ज किया गया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 26, 2026 at 7:23 PM IST
रुद्रप्रयाग: जिले के जवाड़ी क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. सौंरा-जवाड़ी से जिला पंचायत सदस्य किरन नौटियाल के पति राजेंद्र नौटियाल पर शादी समारोह से लौट रहे एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है. घटना 19 फरवरी 2026 की रात लगभग 9:30 बजे की बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवाड़ी निवासी शंभू प्रसाद नौटियाल शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे. तभी अचानक राजेंद्र नौटियाल ने उन पर हमला बोल दिया. आरोप है कि हमलावर ने लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे शंभू प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके आंख, कान, नाक, मुंह, कमर, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं.
हालत नाजुक, एम्स में चल रहा इलाज: घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ले गए, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया. वहां से भी स्थिति बिगड़ने पर उन्हें ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) ऋषिकेश भेजा गया. वर्तमान में पीड़ित की हालत नाजुक बताई जा रही है और वह जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं.
पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज: पीड़ित की पत्नी नीलम नौटियाल ने 22 फरवरी 2026 को कोतवाली रुद्रप्रयाग में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (मारपीट), 117(2) तथा 351(3) (गंभीर चोट और आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.
गांव में बढ़ा सामाजिक तनाव: घटना के बाद जवाड़ी क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है. दोनों पक्ष एक ही गांव के निवासी हैं और आरोपी एक जनप्रतिनिधि के परिवार से जुड़ा होने के कारण मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है. स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
पुलिस का दावा, होगी सख्त कार्रवाई: प्रभारी कोतवाल निरीक्षक सुरेश बलूनी ने बताया कि राजेंद्र नौटियाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच गंभीरता से की जा रही है. पुलिस ने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा करते हुए कहा है कि दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें:

