ETV Bharat / state

बिजली का कनेक्शन काटने पर भड़के ग्रामीण, कर्मचारियों के साथ की मारपीट, मुकदमा हुआ दर्ज

हरिद्वार के प्रीतपुर में ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने बिजली का बिल न भरने पर काटा था कनेक्शन, उपभोक्ताओं ने कर दी मारपीट

Electricity meters
बिजली के मीटर (फोटो- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 4, 2026 at 6:44 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर के प्रीतपुर गांव में बिजली का बिल न भरने पर ऊर्जा निगम की टीम ने कनेक्शन काट दिए. ऐसे में कनेक्शन काटने पर कुछ परिवार भड़क गए और टीम के साथ मारपीट कर दी. इसके बाद ऊर्जा निगम की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई. जिस पर अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. उधर, सुल्तानपुर में बिजली चोरी करने पर उपभोक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

जानकारी के मुताबिक, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के प्रीतपुर गांव में ऊर्जा निगम की टीम बकाया बिल भुगतान न करने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रही थी. जिसके तहत करीब 5-6 लाख रुपए के बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए. जिसमें 2 लाख रुपए के बकायेदारों का कनेक्शन काटने पर उपभोक्ता गाली गलौज पर उतर आए. आरोप है कि ऊर्जा निगम की टीम के साथ मारपीट भी की गई.

वहीं, बिजली विभाग के जेई अश्वनी कुमार ने पुलिस को एक तहरीर दी है. जिसमें उन्होंने बताया है कि 2 जनवरी को विभागीय टीम में शामिल मोनू, अरुण नौटियाल, कमल, देव कुमार, बिट्टू, जुल्फिकार राजस्व वसूली के लिए प्रीतपुर गांव गए थे. यहां बकाया बिल भुगतान न करने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई.

आरोप है कि तभी सोनू, सचिन और उनके परिवार के जक्कड़ ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी. आरोप है कि तीनों ने कर्मचारियों के साथ गाली गलौज और धक्का मुक्की करते हुए हाथापाई की. दोबारा वहां आने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी. जिसके बाद कर्मचारी वहां से वापस लौट गए. अब इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

"तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पूरे घटना की बारीकी से जांच की जा रही है."- राजीव रौथाण, लक्सर कोतवाली प्रभारी

सुल्तानपुर में बिजली चोरी करने पर उपभोक्ता के खिलाफ एफआईआर: बता दें बिजली विभाग का बकाया न देने वालों और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है. कुछ दिन पहले भी लक्सर में ऊर्जा निगम की टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी. जिसके तहत सुल्तानपुर क्षेत्र के अली चौक पर डेयरी में गंभीर अनियमितता पकड़ी.

वहीं, जांच में सामने आया कि उपभोक्ता की ओर से बिजली मीटर में शंट लगाकर विद्युत चोरी की जा रही थी. इस मामले में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई. जिसके बाद उपभोक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

दरअसल, बीती 24 दिसंबर 2025 को संदिग्ध मीटर की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी सचिन सचदेवा के नेतृत्व में ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची. टीम में लाइन स्टाफ के कर्मचारी भी शामिल थे. जांच के दौरान उपभोक्ता इसरार अली पुत्र नूर हसन की डेयरी पर लगे विद्युत मीटर की गहन जांच की गई, जिसमें मीटर के साथ छेड़छाड़ कर शंट लगाए जाने की पुष्टि हुई.

ऊर्जा निगम की टीम ने मौके पर ही मीटर को सील कर दिया. इसके बाद 31 दिसंबर को मीटर लैब में अधिकृत अधिकारियों की मौजूदगी में मीटर खोला गया, जहां स्पष्ट रूप से मीटर में जानबूझकर शंट लगाए जाने की पुष्टि हुई. ऊर्जा निगम ने लक्सर पुलिस को तहरीर सौंपते हुए संबंधित उपभोक्ता फरीद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

"बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी."- सचिन सचदेवा, उप खंड अधिकारी, ऊर्जा विभाग

ये भी पढ़ें-