AAP के नेताओं पर गंभीर आरोप, सरकारी कर्मचारियों से मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर अवैध टेंट के मामले में सरकारी कर्मचारियों से मारपीट का आरोप है.

Published : March 4, 2026 at 9:09 AM IST
नई दिल्ली: राजधानी के शालीमार बाग इलाके में आम आदमी पार्टी से जुड़े नेताओं पर सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं. मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घटना 2 मार्च 2026 को सीए ब्लॉक स्थित एक सार्वजनिक पार्क में हुई. आरोप है कि पार्क में बिना अनुमति एक बड़ा टेंट लगाया जा रहा था. नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विभाग में तैनात कर्मचारी राज कुमार ने शिकायत में कहा है कि जब उन्होंने और उनके सहयोगियों ने टेंट लगाने की अनुमति के संबंध में जानकारी मांगी और नियमों के तहत कार्रवाई करने की कोशिश की, तो विवाद बढ़ गया.
शिकायत में पूर्व विधायक वंदना कुमारी के पति सज्जन कुमार और उनके समर्थकों पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने कथित रूप से सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जानलेवा धमकियां दीं. आरोप यह भी है कि कर्मचारियों को भीड़ के सामने “चोर-चोर” कहकर अपमानित किया गया और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई.
स्थानीय पार्षद अनिता जैन ने बयान जारी कर कहा है कि यह घटना बेहद गंभीर है और इससे सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति पहले भी क्षेत्र में मारपीट और विवाद के मामलों में संलिप्त रहे हैं.
मांग की गई है कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज मुकदमे में निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव से मुक्त कार्रवाई हो. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें:

