ETV Bharat / state

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में नकल का भंडाफोड़, असली छात्र की जगह एग्जाम देने वाले 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हरिद्वार में असली छात्र के प्रवेश पत्र पर अपना फोटो चस्पा कर दे रहे थे परीक्षा, हिरासत में लिए गए 4 युवतियों समेत 7 लोग

Case Filed Against 7 People
कॉन्सेप्ट इमेज (ETV Bharat GFX)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 25, 2026 at 3:32 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: उत्तराखंड में इनदिनों बोर्ड परीक्षाएं चल रही है. इसी बीच हरिद्वार में एक राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है. जहां हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान असली परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दे रहे 4 युवतियों समेत 7 आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. जबकि, एक अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गया.

हाईस्कूल की हिंदी की परीक्षा के दौरान पकड़े गए 'मुन्नाभाई': हरिद्वार पुलिस के मुताबिक, मामला एक दिन पहले यानी 24 फरवरी का है, जब रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के तहत हिंदी का पेपर आयोजित किया गया था. जिसमें रावली महदूद के सावित्री शिक्षा सदन के स्कूल के परीक्षार्थी भी परीक्षा दे रहे हैं. इस स्कूल से प्राइवेट हाईस्कूल करने वाले कई छात्र भी परीक्षा दे रहे हैं.

प्रवेश पत्रों पर अपना फोटो चस्पा कर दे रहे थे परीक्षा: परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों को कुछ परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों में गड़बड़ी दिखाई दी. प्रवेश पत्रों की जब बारीकी से जांच की गई, उसमें गड़बड़ी का संदेह हुआ. प्रवेश पत्रों पर चस्पा फोटो वास्तविक परीक्षार्थियों से मेल नहीं खा रहे थे. सख्ती से पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि संबंधित युवक-युवतियां मूल अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे.

एक छात्रा मौके का फायदा उठाकर फरार: ऐसे में शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई. इस संबंध में कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र द्विवेदी ने मौके पर पुलिस को बुलाया और सभी छात्रों को हिरासत में लिया गया. एक संदिग्ध छात्र मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गया.

फर्जी प्रवेश पत्र के साथ हिरासत में 7 आरोपी: वहीं, प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र तिवारी ने कोतवाली रानीपुर में लिखित तहरीर दी. तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. कोतवाली रानीपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद 7 आरोपियों को हिरासत में ले लिया. जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र भी बरामद किए गए.

सातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज: पुलिस की मानें तो आरोपी हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में अन्य छात्रों के नाम पर परीक्षा दे रहे थे. प्रवेश पत्रों पर अपने फोटो चस्पा कर परीक्षा कक्ष में बैठे थे. परीक्षा देने वाले आरोपियों में तीन युवक और चार युवतियों शामिल थे. जिनके खिलाफ अब मुकदमा दर्ज कर लिया है. प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित प्रतीत हो रहा था, इसलिए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

"मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की थी. अन्य छात्रों की जगह परीक्षा देने के लिए सभी आरोपी आए थे. इसलिए सबके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है."- आशुतोष राणा, रानीपुर कोतवाली प्रभारी

"ये भी जांच की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई संगठित गिरोह तो शामिल नहीं है? इस मामले में फरार संदिग्ध की तलाश में दबिश दी जा रही है. इस मामले के बाद पुलिस प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सख्त कर दी है."- आशुतोष राणा, रानीपुर कोतवाली प्रभारी

ये भी पढ़ें-