गढ़वा के चिनियां प्रखंड के जंगल में मिला हाथी का शव, जांच में जुटा विभाग
गढ़वा के जंगल में एक बड़े जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई, वन विभाग की टीम जांच कर रही है.

Published : June 25, 2026 at 7:10 PM IST
गढ़वाः जिले के चिनिया जंगल में रहस्यमय हालत में विशालकाय जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मचा गया. वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है. इससे पहले भी इस क्षेत्र में एक जंगली हाथी की रहस्यमय मौत हो चुकी है, जिसका अब तक कोई खुलासा नहीं हो सका है.
इलाके में फैली सनसनी
चिनिया थाना क्षेत्र के चिनिया-बेता मुख्य मार्ग स्थित डोली पत्थर जंगल से सुबह एक जंगली हाथी का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण हाथी को देखने के लिए जमा हो गए. ग्रामीणों के अनुसार हाथी की मौत लगभग चार से पांच दिन पहले हुई प्रतीत होती है जिसके कारण शव से दुर्गंध निकलने लगा है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना कई दिन पुरानी है.
हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा
हालांकि हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सकों की एक टीम द्वारा हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा तथा आवश्यक नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा. कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
वन विभाग भी टीम कर रही जांच
इधर, जंगल में हाथी का शव मिलने की घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. ग्रामीणों की भीड़ देर तक घटनास्थल पर मौजूद रही. वन विभाग भी गंभीरता से पूरे मामले की जांच में जुट गया है.
हाथी को किसी ने मारा है, कहना मुश्किलः डीएफओ
इस मामले पर डीएफओ एबिन बेनी अब्राहम ने बताया कि मामला सामने आने के बाद जांच की जा रही है, इसके बाद ही पता चल सकता है कि किन परिस्थितियों में हाथी की मौत हुई है. प्रथम दृष्टया ऐसा नहीं लग रहा है कि किसी ने हाथी को मारा हो.
ये भी पढ़ेंः
गिरिडीह में हाथी की संदिग्ध मौत, मौके पर पहुंचे DFO, जांच में जुटा वन विभाग
सरायकेला में बिजली के तारों ने ली हाथी की जान, जांच में जुटा वन विभाग
लातेहार में मालगाड़ी की चपेट में आने से हाथी के बच्चे की मौत, 11 घंटे ठप रहा रेलवे परिचालन

