कालाढूंगी में गन्ने के खेत में मिला मादा गुलदार का शव, शरीर पर हैं चोट के निशान
कालाढूंगी स्थित पत्तापानी गांव के लोग कई दिन से गुलदार की गुर्राहट सुनाई देने की शिकायत कर रहे थे

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 6, 2026 at 9:33 AM IST
रामनगर: नैनीताल जिला कॉर्बेट पार्क और अन्य वनों के कारण वन्य जीवों को लेकर काफी संवेदनशील है. यहां आए दिन मानव-वन्यजीव संघर्ष होते रहते हैं. खासतौर से बाघ, गुलदार और हाथी के काफी हमले हुए हैं. इस बीच कालाढूंगी स्थित पत्तापानी गांव में गन्ने के खेत में मादा गुलदार का शव मिला है. गुलदार का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया.
गन्ने के खेत में मिला गुलदार का शव: कालाढूंगी क्षेत्र के पत्तापानी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गन्ने के खेत में एक गुलदार का शव पड़ा मिला. शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के बैलपड़ाव रेंज की वन विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची. टीम ने पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी एवं जांच अभियान शुरू किया.
कुछ समय से लोगों को सुनाई दे रही थी गुलदार की गुर्राहट: जानकारी के अनुसार पत्तापानी ग्रामसभा के ग्रामीणों ने वन विभाग को बताया था कि बीते कुछ समय से क्षेत्र में गुलदार के गुर्राने की आवाजें सुनाई दे रही थीं. इसी सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त तेज की. इस बीच ग्रामीणों ने वन विभाग को गुलदार का शव मिलने की सूचना दी. गश्त कर रही टीम गन्ने के खेत में पहुंची तो वहां करीब 8 वर्षीय मादा गुलदार का शव बरामद किया गया.
गुलदार के शरीर पर दिखे घाव के निशान: प्रारंभिक जांच में मादा गुलदार के शरीर पर कई गहरे घाव और चोट के निशान पाए गए हैं. इन निशानों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि गुलदार की मौत आपसी संघर्ष के कारण हुई हो सकती है. हालांकि वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी अन्य वन्यजीव की मौजूदगी या संभावित खतरे से ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके.
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील: इस घटना के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल है. वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की अपील की गई है. विभाग ने यह भी आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है.
ये भी पढ़ें: रामनगर में घास लेने गई युवती पर गुलदार का हमला, बाल-बाल बची जान, दहशत में लोग

