घर के बाहर चारपाई पर सो रहे मां-बेटे पर तेज रफ्तार कार चढ़ी, महिला की मौत, बेटा गंभीर घायल
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

Published : July 1, 2026 at 3:31 PM IST
अलवर: डीग जिले के सीकरी कस्बे के नगर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई और एक युवक गंभीर घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर घायल अवस्था में युवक को इलाज के लिए सीकरी अस्पताल में भर्ती कराया. वहां से उसे अलवर के जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया.
डीग के पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले ने बताया कि मंगलवार देर रात सीकरी कस्बे में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे चारपाई पर सो रहे गाड़िया लोहार परिवार के सदस्यों पर चढ़ गई. इस हादसे में 60 वर्षीय महिला महमू की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके शव को सीकरी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. उन्होंने बताया कि घटना में युवक राजेश गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अलवर जिला अस्पताल में जारी है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है. प्रकरण में अनुसंधान किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा. घटना के संबंध में मृतका के परिजन कोयल ने बताया कि रोजाना की तरह मंगलवार रात को उनके परिवार के सदस्य चारपाई पर सो रहे थे. इस दौरान एक तेज रफ्तार कार रात करीब 12 बजे अनियंत्रित होकर चारपाई से टकरा गई. उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी तेज हुई कि बुजुर्ग महिला महमू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. वाहन चालक फरार हो गया था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि गंभीर घायल राजेश का इलाज अलवर जिला अस्पताल में जारी है.

