ETV Bharat / state

लखनऊ में बेकाबू होकर पलटी कार; एयरबैग खुलने के बाद भी नहीं बची मैनेजर की जान, 3 दोस्त अस्पताल में भर्ती​

दोस्त को आलमबाग बस स्टेशन छोड़ने निकले थे, लौटते समय कार हादसे का हुई शिकार.

लखनऊ कार हादसे में मैनेजर की मौत.
लखनऊ कार हादसे में मैनेजर की मौत. (Photo Credit; Lucknow Police)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 11, 2026 at 6:59 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : गोमती नगर के लोहिया चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए और गाड़ी सड़क पर कई बार पलट गई. हादसे में घायल निजी कंपनी में मैनेजर की लोहिया संस्थान में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कार सवार उनके तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चला रहा है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की सही वजह साफ हो सके. हादसा शनिवार देर रात करीब 12 बजे हुआ है.

मृतक की पहचान दीपक बिष्ट के रूप में हुई है. दीपक रामपुर के रहने वाले थे और लखनऊ की एक नामी एजुकेशन टेक कंपनी में मैनेजर थे. दीपक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस के मुताबिक, दीपक शनिवार देर रात अपने एक साथी को आलमबाग बस अड्डे छोड़ने गए थे. वहां से लौटते समय लोहिया चौराहे के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई.

टक्कर के बाद कार के दोनों सुरक्षा एयरबैग खुल गए थे, लेकिन गाड़ी पलटने और शीशे टूटने के कारण दीपक को गंभीर चोटें आईं. कार में दीपक के साथ उनके दोस्त प्रतीक बिंद, शिवम चौरसिया और अनुराग भी सवार थे. तीनों को गंभीर स्थिति में लोहिया संस्थान की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है.

​गोमती नगर इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि हादसा रात करीब 12 बजे के बाद हुआ. शुरुआती जांच में गाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराना हादसे की वजह माना जा रहा है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

यह भी पढ़ें: लखनऊ में तेज रफ्तार कार का टायर फटा; साइकिल सवार पर पलटी, मौके पर ही मौत