ETV Bharat / state

हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर डिवाइडर से टकराई कार, हवा में उछलकर तीन बार पलटी, चार लोग गंभीर घायल

हरिद्वार दिल्ली नेशनल हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर कार पलट गई. हादसे में चार लोग घायल हो गए.

haridwar
हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर डिवाइडर से टकराई कार (PHOTO- LOCAL)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 30, 2026 at 6:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद कई फीट हवा में उछल गई और सड़क पर तीन बार पलटने के बाद क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर और आसपास के लोग एकत्र हो गए. हादसे के बाद कार से धुआं तक निकलने लगा.

बताया जा रहा है कि कार रुड़की से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जिसमें चार लोग सवार थे. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, चंडीगढ़ नंबर की यह कर जैसे ही रानीपुर झाल के पास पहुंची तो तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. कार डिवाइडर से टकराई तो जोरदार टक्कर के बाद वह हवा में उछल गई. इसके बाद कार सड़क पर कई बार पलटी.

हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग अंदर फंस गए. इतना ही नहीं, कार के पहिए भी टूट कर अलग हो गए. हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाई. लोगों ने तुरंत कार के पास पहुंचकर उसमें फंसे चारों घायलों को बाहर निकाला. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां से चारों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त कार और लोगों की भीड़ जमा होने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे रवाना कराया.

सोशल मीडिया पर हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कार पलटी हुई नजर आ रही है. इतना ही नहीं, आसपास मौजूद लोगों की भारी भीड़ भी वीडियो में दिखाई दे रही है और उलटी पलटी हुई कार से धुआं भी निकल रहा है. कार का पहिया अलग पड़ा है और कार पिचक गई.

कार के डिवाइडर से टकराने के बाद हादसा हुआ था. हादसे में कार सवार चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल भेजा गया, जहां गंभीर हालत के चलते चारों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
-चंद्रभान सिंह अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, ज्वालापुर कोतवाली-

ये भी पढ़ें: