स्कूटी पर जा रहे थे मां-बेटा, गलत दिशा से आ रही हरियाणा नंबर की कार ने उड़ा दिया
तेज रफ्तार कार ने गलत दिशा से आकर स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में 58 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 8:58 AM IST
धर्मशाला: कांगड़ा जिले के धर्मशाला स्थित कंडी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां एक तेज रफ्तार कार ने गलत दिशा से आकर स्कूटी सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में 58 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला.
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान दुर्गेश देवी (58), निवासी दाड़नू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दुर्गेश देवी अपने बेटे के साथ स्कूटी पर सवार होकर धर्मशाला की ओर जा रही थीं, जैसे ही वे कंडी के समीप पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रही हरियाणा नंबर की एक कार ने उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला स्कूटी से दूर जा गिरीं. स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दुर्गेश देवी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, उनके बेटे का उपचार चल रहा है. पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं (लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हादसे के समय कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है .
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
इस दुर्घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि कंडी मार्ग पर बाहरी राज्यों के वाहन चालक अक्सर तेज रफ्तार और 'रॉन्ग साइड' ड्राइविंग करते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति सीमा (स्पीड लिमिट) की निगरानी करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की कड़ी मांग की है.
पुलिस की चेतावनी
धर्मशाला में हाल के दिनों में बढ़ी सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है. पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें. गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी जानलेवा हरकतों से बचें और तेज रफ्तार पर नियंत्रण रखें.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में 8 HPPS और 2 IPS अधिकारियों के तबादले, IAS आशीष सिंहमार को अतिरिक्त कार्यभार

