कहीं तेज रफ्तार कार तो कहीं बस ने वाहन को मारी टक्कर, सड़क हादसों की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
जयपुर के सीकर रोड इलाके में बढ़ते सड़क हादसे चिंता का सबब बन रहे हैं.

Published : May 25, 2026 at 2:44 PM IST
जयपुर : राजधानी जयपुर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ओवरस्पीड और लापरवाही से वाहन चलाना अब आम बात बनती जा रही है, जिसका खामियाजा आमजन को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है. ताजा घटनाओं ने एक बार फिर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल में सीकर रोड इलाके के हरमाड़ा में हुआ सड़क हादसा सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है. जिसमें एक दंपती गंभीर रूप से जख्मी हो गया. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोमवार सुबह से सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें दिख रहा है कि कार की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी उछलकर गिर गए.
हरमाड़ा थानाधिकारी उदयसिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर पहुंची हरमाड़ा थाना पुलिस ने घायल दंपती को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है. हादसे के बाद ड्राइवर कार को छोड़कर फरार हो गया था. पुलिस ने कार जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है, वहीं, भाजपा कार्यकर्ता गजेंद्र सिंह ने बताया कि घायल पति-पत्नी के मल्टीपल फ्रैक्चर हैं. उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ें: Deeg Accident : ट्रक और पिकअप गाड़ी की भिड़ंत, 14 लोग घायल, 7 भरतपुर रेफर
उछलकर दूर जा गिरे पति-पत्नी : ताजा मामला हरमाड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार दोपहर लोहा मंडी के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपती बाइक समेत करीब 20 फीट दूर जा गिरे. इस हादसे में पुष्पेंद्र सिंह और उनकी पत्नी वंदना कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. हादसे के बाद कार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
वीआईपी मूवमेंट के दौरान बेकाबू बस ने मचाया कहर : इससे पहले शनिवार शाम वीआईपी मूवमेंट के दौरान एक और बड़ा हादसा सामने आया. यातायात रुके होने के बीच एक ओवरस्पीड स्लीपर बस बेकाबू होकर पीछे खड़े वाहनों में जा घुसी. बस ने एक के बाद एक करीब आधा दर्जन कारों को टक्कर मार दी, जिससे सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिन्हें हरमाड़ा थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें: बड़ा हादसा : बेकाबू ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, भाई-भतीजा-भांजे की मौत, बहन और भांजी गंभीर घायल
इसी बीच शहर में नवंबर 2025 में नशे में धुत चालक के बेकाबू डंपर से हुए हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था. तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर चल रहे वाहनों और राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की लापरवाही और निगरानी की कमी को उजागर किया.
लगातार बढ़ रहे हादसे, जिम्मेदारी पर सवाल : लगातार हो रहे इन हादसों ने साफ कर दिया है कि शहर में ट्रैफिक नियमों का पालन और निगरानी व्यवस्था कमजोर होती जा रही है. ओवरस्पीड, लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन लोगों की जान जा रही है. स्थानीय निवासी और अधिवक्ता महावीर प्रसाद का कहना है कि सख्त कार्रवाई, बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और जागरूकता के बिना इन हादसों पर लगाम लगाना मुश्किल होगा. वहीं आमजन भी अब सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.

