बाइकों और राहगीरों को टक्कर मारते हुए दुर्घटनाग्रस्त हुई कार, हादसे में कई लोग घायल
पौड़ी के थलीसैंण में ब्रेक फेल होने से सड़क से नीचे गिरी कार, बाइकों और राहगीरों को मारी टक्कर, कई लोग हुए घायल

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 2, 2026 at 9:26 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 9:55 PM IST
पौड़ी: थलीसैंण बाजार के पास एक कार के अचानक ब्रेक फेल हो गए. जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी. हादसे के दौरान वहां से पैदल गुजर रहे कुछ स्थानीय लोग इसकी चपेट में आ गए. जबकि, पास खड़े दोपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है.
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. पुलिस का कहना है कि घटना में घायल लोगों का इलाज जारी है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
बाइकों और राहगीरों को टक्कर मारते हुए गिरी कार: जानकारी के मुताबिक, पौड़ी जिले के थलीसैंण बाजार से नीचे की ओर आ रही कार संख्या UK 12F 1408 अचानक अनियंत्रित हो गई. वाहन सड़क किनारे खड़ी दो बाइकों और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मारते हुए करीब 10 फीट नीचे जा गिरी. हादसे में कार सवार लोगों, बाइक चालकों और पैदल राहगीरों को चोटें आई हैं.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थलीसैंण पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है.
वाहन चालक ने पुलिस को बताया है कि वाहन चलाते समय अचानक ब्रेक सिस्टम फेल हो गया, जिसके कारण कार अनियंत्रित हो गई. चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन वो सफल नहीं हो पाया. जिसके चलते कार हादसे का शिकार हो गई. कार में सवार व्यक्तियों में चालक कृपाल, कुमारी वर्षा, मनीषा देवी और संता देवी शामिल है.
"पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है. इसके साथ ही लोगों को सावधानीपूर्वक वाहनों को चलाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है."- रवि नेगी, प्रभारी निरीक्षक, थाना थलीसैंण
कार हादसे और उसके चपेट में आने से घायल लोग-
- कृपाल सिंह पुत्र प्रेम सिंह (उम्र 65 वर्ष), निवासी- ग्राम भन्डेली, थलीसैंण, पौड़ी (चालक)
- माया देवी पत्नी नीरज नेगी (उम्र 22 वर्ष), निवासी- ग्राम कफल्ड, थलीसैंण, पौड़ी
- मनीषा देवी पत्नी जय प्रकाश (उम्र 24 वर्ष), निवासी- ग्राम भन्डेली, थलीसैंण, पौड़ी
- मन्ना देवी पत्नी बीरेंद्र (उम्र 50 वर्ष), निवासी- ग्राम कफल्ड (सर पर चोट दाहिना पैर फैक्चर)
- वर्षा पुत्री जय प्रकाश (उम्र 4 वर्ष), निवासी- ग्राम भन्डेली, थलीसैंण, पौड़ी
- संता देवी पति आनंद सिंह (उम्र 45 वर्ष), निवासी- ग्राम कपरोली, थलीसैंण, पौड़ी
- महावीर सिंह पुत्र भगत सिंह (उम्र 24 वर्ष), निवासी- ग्राम मरोड़ा, थलीसैंण, पौड़ी
- राकेश सिंह पुत्र दलबीर सिंह (उम्र 19 वर्ष), निवासी- ग्राम बगवाड़ी, थलीसैंण, पौड़ी
- ओम प्रकाश पुत्र हरिलाल (उम्र 26 वर्ष) निवासी- ग्राम मुसठि, थलीसैण, पौड़ी
ये भी पढे़ें-

