अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार सांड से टकराई, महिला की मौत और 2 घायल
अमेठी में भीषण टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और सड़क किनारे खाई में जा गिरी

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 8:34 PM IST
अमेठी: अयोध्या-नेशनल हाईवे पर शनिवार को अचानक सड़क पर अचानक सांड के आने से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि कार में सवार 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है.
थानाध्यक्ष तनुज पाल के अनुसार, रायबरेली जिले के सदर थाना क्षेत्र निवासी सुशील (30) अपनी कार से परिवार के साथ अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे थे. कार में उनके साथ श्याम नंदन (55) और उनकी पत्नी ऊषा (50) भी सवार थीं. इसी दौरान जगदीशपुर–अयोध्या हाईवे पर तेज रफ्तार कार अचानक एक आवारा सांड से टकरा गई.
टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और सड़क किनारे खाई में जा गिरी. हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर पहुंचे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला और जगदीशपुर ट्रामा सेंटर पहुंचाया. डॉक्टरों ने महिला ऊषा की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नेशनल हाईवे पर आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं.
थानाध्यक्ष भाले सुल्तान शहीद स्मारक तनुज पाल ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही सभी घायलों को इलाज के लिए भेजा गया. जिसमें चोट अधिक लगने की वजह से 1 महिला की मौत हो गई है. घायलों का उपचार चल रहा है. शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों को सूचना दे दी गई है.
यह भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, चालक की दर्दनाक मौत, लाइव वीडियो वायरल

