बिहार में सड़क पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, शीशा तोड़कर बाहर निकला ड्राइवर
समस्तीपुर में एक कार में अचानक भीषण आग लग गई. चालक की बाल-बाल बची जान. जानें कैसे हुआ हादसा.

Published : December 28, 2025 at 12:01 PM IST
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र में स्थित बरियाही घाट पुल पर शनिवार की देर शाम एक कार में अचानक आग लग गई. आग लगने की वजह से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, लेकिन गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई.
चालक की सूझबूझ से बची जान: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शिवाजीनगर से बोरज गांव की ओर जा रही थी. पुल पार करते समय कार से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते-ही-देखते आग की लपटें उठने लगी. कार चला रहे शुभांकर कुमार ने तुरंत गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा जाम हो गया. ऐसे में उन्होंने गाड़ी का शीशा तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई. शुभांकर शिवाजीनगर के ही निवासी हैं और रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहे थे.
"मैं रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहा था. पुल पर पहुंचते ही कार से धुआं निकलने लगा और अचानक आग भड़क गई. दरवाजा जाम हो गया था, इसलिए शीशा तोड़कर किसी तरह बाहर निकला और जान बचाई."- शुभांकर कुमार, चालक
कार में लगी भीषण आग: आग लगते ही पुल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और शिवाजीनगर पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी. लोगों की मदद से आग पर कुछ हद तक काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक कार का काफी हिस्सा जल चुका था.
दमकल ने पहुंचकर पाया आग पर काबू: सूचना मिलते ही शिवाजीनगर और बहेड़ी से दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे. दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी. घटना के कारण पुल पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी.
पुलिस ने शुरू की जांच: शिवाजीनगर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था. कार मालिक का आवेदन प्राप्त हो चुका है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है.
"आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया. कार मालिक का आवेदन मिला है और मामले की गहन जांच की जा रही है. जांच में शॉर्ट सर्किट कारण लग रहा है."- रविंद्र कुमार, थानाध्यक्ष
राहत की बात कोई हताहत नहीं: इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ. चालक शुभांकर कुमार की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद क्षेत्र में वाहन चालकों में सतर्कता बढ़ गई है.
ये भी पढ़ें-
बिहार में बीच सड़क पर इधर-उधर भागने लगे लोग, डर से हालत हुई खराब
चलते-चलते अचानक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो में लगी आग, इस तरह कूदकर बारातियों ने बचाई जान

