रामपुर में डंपर से टक्कर के बाद कार में लगी आग, महिला सिपाही और उसके बेटे की मौत
एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया, दुर्घटना में झुलसने के कारण महिला सिपाही लता सिंह और उनके दो साल के बेटे लड्डू की मौत हो गई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 4:25 PM IST
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बुधवार रात (25 फरवरी 2026) सड़क हादसे में महिला सिपाही और उसके बेटे की मौत हो गयी. एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि स्वार-रामपुर मार्ग पर काशीपुर गांव के पास एक डंपर ने कार को टक्कर मार दी.
इस टक्कर के बाद स्विफ्ट डिजायर कार में भीषण आग लग गई. इसमें झुलसने के कारण महिला सिपाही लता सिंह और उनके दो साल के बेटे लड्डू की मौत हो गई. उनके पति और देवर गंभीर रूप से झुलस गए. यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार नैनीताल से घूमकर वापस लौट रहा था.
एसपी विद्यासागर मिश्र ने कहा कि रामपुर के मिलक क्षेत्र के बेहतरा गांव निवासी दान सिंह किराए पर गाड़ी चलाते हैं. बुधवार सुबह वह अपनी पत्नी लता, दो साल के बेटे लड्डू और ममेरे भाई रवि के साथ नैनीताल घूमने गए थे. बुधवार शाम को सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे. कार दान सिंह चला रहे थे. आगे की सीट पर रवि बैठे थे, जबकि पीछे की सीट पर लता अपने बेटे के साथ बैठी थीं.
एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि रात करीब 11 बजे, जब कार काशीपुर के आगा गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को साइड से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी. हादसे के दौरान कार की टंकी फट गई और उसमें आग लग गई. टक्कर के बाद किसी तरह पति और देवर ने गेट तोड़कर बाहर निकलने में सफलता पाई, लेकिन गेट लॉक हो जाने की वजह से महिला सिपाही कार से बाहर नहीं निकल सकीं.
आग तेजी से फैल गई. तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मासूम बच्चे की मौत हो चुकी थी. गंभीर रूप से झुलसी लता ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. हादसे के बाद डंपर चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली AI समिट में शर्टलेस प्रदर्शन, सुलतानपुर का अरबाज अहमद हिमाचल से गिरफ्तार

