अल्मोड़ा में यूपी के पर्यटकों की कार हादसे का शिकार, दर्शन के लिए जागेश्वर जा रहे थे श्रद्धालु
अल्मोड़ा में जागेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कार का एक्सीडेंट हो गया. सभी श्रद्धालु यूपी के हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 5, 2026 at 8:59 PM IST
अल्मोड़ा: जिले में जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की एक कार सोमवार को अरतोला के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई. दुर्घटना में कार सवार 6 लोगों को हल्की चोटें आई हैं. हालांकि, सभी श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर जमे पाले के कारण वाहन चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे कार पुलिया के किनारे जा टकराई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से 6 दोस्त आर्टिका कार (संख्या UP 37 R 5870) में सवार होकर जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए निकले थे. सोमवार को जैसे ही उनका वाहन अरतोला से आगे जागेश्वर की ओर बढ़ा, कुछ ही दूरी पर स्थित एक पुलिया के पास कार अचानक फिसल गई और पुलिया से जा टकराई. टक्कर के कारण कार के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है. वाहन में सवार श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया.
कार में सवार श्रद्धालुओं की पहचान हापुड़ निवासी विवेक तोमर, हरेंद्र राणा, केशव शर्मा, यश गर्ग, प्रताप राणा और शिवम कुमार के रूप में हुई है. वाहन चला रहे श्रद्धालु ने बताया कि पुलिया से पहले उसने कार रोकने के लिए ब्रेक लगाया, लेकिन सड़क पर पाला जमा होने के कारण कार फिसलती चली गई और पुलिया से टकरा गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस चौकी अरतोला के इंचार्ज कमित जोशी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया.
पाला बन रहा दुर्घटनाओं का कारण: पहाड़ी क्षेत्रों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है. सर्दियों के मौसम में अल्मोड़ा जिले के कई इलाकों में सुबह और रात के समय पाला जम रहा है, जिससे सड़कें बेहद फिसलन भरी हो जा रही हैं. विशेष रूप से जागेश्वर क्षेत्र में देवदार और बांज के घने जंगल होने के कारण ठंड अधिक रहती है और प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पाला पड़ता है. ऐसे में वाहनों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन और पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सतर्कता बरतें, धीमी गति रखें और फिसलन वाले स्थानों पर विशेष सावधानी से ड्राइव करें.
ये भी पढ़ें:

