मनाली से घूमकर लौट रहे 5 दोस्तों की गाड़ी सोनीपत में हादसे की शिकार, 2 की मौत, 3 घायल
जीटी रोड पर सड़क हादसे में 2 दोस्तों की मौत हो गई.

Published : July 4, 2026 at 8:18 PM IST
सोनीपतः जीटी रोड स्थित गांव गढ़ी कला के पास शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मनाली से घूमकर गुरुग्राम लौट रहे पांच दोस्तों की कार अज्ञात वाहन से टकरा गई. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया, जहां दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन दोस्तो का निजी हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
30 जून को घूमने के लिए मनाली गये थे पांचों दोस्तः जानकारी के अनुसार अपनी कार के सवार होकर पांच दोस्त 30 जून को घूमने मनाली गए थे. शुक्रवार सुबह मनाली से घूमकर गुरुग्राम लौट रहे थे. जब उनकी कार गन्नौर क्षेत्र में जीटी रोड पर गांव गढ़ी कला के पास पहुंची तो किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक घायल हो गए.
निजी हॉस्पिटल में चल रहा है घायलों का इलाजः हादसे में 25 वर्षीय सागर, निवासी बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) और 28 वर्षीय आर्यन, निवासी महाराष्ट्र की मौत हो गई. जबकि अश्विन, दनजीत और अभिनव गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल घायलों का निजी हॉस्पिटल में चल रहा है.
महाराष्ट्र निवासी आर्यन का कल होगा पोस्टमार्टमः पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया. शनिवार को सागर के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया. वहीं आर्यन के परिजनों के महाराष्ट्र से पहुंचने के बाद रविवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हालः हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई. अस्पताल में भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. बताया जा रहा है कि सभी दोस्त छुट्टियां बिताने के लिए मनाली गए थे और वहां से वापस गुरुग्राम अपने काम पर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया. पांचों दोस्त गुरुग्राम स्थित एक निजी कम्पनी से जुड़े हैं. छुट्टी बिताने के लिए घूमने गए थे. उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनके दो दोस्तों का आखरी सफर होगा.
क्या बोले जांच अधिकारीः जांच अधिकारी पीएसआई बिट्टू ने बताया कि "उन्हें सूचना मिली कि सुबह 6 बजे गढ़ी कला गांव के पास एक्सीडेंट हुआ है. जब वह मौके पर पहुंचे तो घायलों को अस्पताल में राहगीरों ने दाखिल करवा दिया. जहां पता चला की दो कई मौत हो चुकी है जबकि तीन घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. फिलहाल एक का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौप दिया और दूसरे मृतक का शनिवार को परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा."

