पानीपत में स्नेह मिलन कार्यक्रम में गरजे कैप्टन अभिमन्यु, बोले-'राजनीतिक षड्यंत्रों के तहत समाजों के बीच खाई पैदा की गई'
पानीपत में बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री पर पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने तीखा हमला बोला है.

Published : May 17, 2026 at 6:53 PM IST
पानीपतः हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने रविवार को पानीपत के मानना गांव में आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम में प्रदेश की 35 बिरादरियों को एक मंच पर लाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया. इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "राजनीतिक षड्यंत्रों के तहत समाजों के बीच खाई पैदा की गई और हरियाणा को जातीय हिंसा की आग में झोंक दिया गया."
सर्व समाज भाईचारा स्नेह मिलन कार्यक्रम: पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु रविवार को पानीपत के मानना गांव में आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम में पहुंचे थे. कार्यक्रम में ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों की ओर से उनका पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया. इस दौरान कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि "वह पूरे हरियाणा में सर्व समाज भाईचारा स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, जिनका उद्देश्य सभी जातियों और बिरादरियों को एक मंच पर लाकर आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है."
'हरियाणा की गौरवशाली परंपरा सामाजिक एकता': उन्होंने कहा कि "इन कार्यक्रमों में सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं और वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हैं. हरियाणा की गौरवशाली परंपरा हमेशा भाईचारे और सामाजिक एकता की रही है, लेकिन राजनीतिक षड्यंत्रों के कारण समाजों के बीच अविश्वास की खाई पैदा हुई. राजनीतिक हितों और परिवारवाद को स्थापित करने के लिए पूरे प्रदेश का माहौल खराब किया."
पुरानी परंपराओं के आधार पर सामाजिक एकता को मजबूत किया जाएः कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि "अब जरूरत इस बात की है कि लोग पुरानी परंपराओं और आपसी सम्मान की भावना के आधार पर फिर से सामाजिक एकता को मजबूत करें." मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि "हरियाणा में जो जातीय हिंसा और आगजनी हुई, वह एक बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र था. उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान लोगों को भड़काया गया और समाजों को बांटने का प्रयास किया गया." उन्होंने कहा कि "हरियाणा में पहले कभी सामाजिक और जातीय हिंसा का इतिहास नहीं रहा, लेकिन कुछ लोगों ने अपने राजनीतिक हितों और परिवारवाद को स्थापित करने के लिए पूरे प्रदेश का माहौल खराब किया."
जाट आरक्षण में भाजपा की महत्वपूर्ण भूमिका: कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि "हजारों लोगों को नुकसान उठाना पड़ा और कई युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ. जनता ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगी. मंत्री ने भाजपा का पक्ष रखते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा समाज के हित में कार्य करती रही है और जाट समाज को आरक्षण देने में भी भाजपा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. भाजपा ने हमेशा कांग्रेस विरोधी दलों को साथ लेकर समाज के सभी वर्गों के हित में काम किया है."
सर्व समाज भाईचारे को फिर से मजबूत करने की अपील की: स्नेह मिलन कार्यक्रम के माध्यम से पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी विश्वास को मजबूत करने का संदेश दिया. साथ ही उन्होंने राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज को बांटने वालों पर निशाना साधते हुए हरियाणा की पुरानी सामाजिक परंपराओं और सर्व समाज भाईचारे को फिर से मजबूत करने की अपील की.

