ETV Bharat / state

दो से अधिक बच्चे वाले नहीं लड़ सकेंगे नगर निकाय चुनाव, नामांकन में सभी प्रत्याशियों को शपथ पत्र देना अनिवार्य

झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तैयारी जोर-शोर से चल रही है. इसे लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने कई गाइडलाइन जारी किए हैं.

Municipal Election In Jharkhand
झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग का कार्यालय. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 24, 2025 at 3:52 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः नगर निकाय चुनाव में दो से अधिक बच्चे वाले उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ सकेंगे. इतना ही नहीं हर प्रत्याशी को चुनाव नामांकन के वक्त एक शपथ पत्र देना होगा कि निर्धारित कट ऑफ तक उन्हें दो बच्चे हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने इसको लेकर सभी जिलों को निर्देशित किया है. राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद के अनुसार इस संबंध में नगर विकास द्वारा पूर्व में निकाली गई चिट्ठी को आधार मानकर इसका कड़ाई से पालन कराने का सभी जिलों को निर्देशित किया गया है.

जिलों में वार्डों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी

निर्वाचन तैयारी की जानकारी देते हुए आयोग के सचिव ने बताया कि वार्डों में आरक्षण की प्रक्रिया सभी जिलों में पूरी कर ली गई है और आयोग को इस संबंध में रिपोर्ट प्राप्त हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव तैयारी को लेकर जल्द ही सभी जिलों के डीसी-एसपी के साथ वीडियो कॉफ्रेंसिंग कर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली जाएगी.

जानकारी देते राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद. (वीडियो-ईटीवी भारत)

निगम क्षेत्र के वोटर लड़ सकेंगे किसी भी वार्ड से चुनाव

नगर निकाय चुनाव में आरक्षण के कारण यदि आप उस वार्ड में चुनाव नहीं लड़ पा रहे हैं तो घबराने की कोई जरूरत नहीं है. आप अन्य किसी भी वार्ड से चुनाव लड़ सकते हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में हाल ही में वार्डों के तय हो रहे आरक्षण के बाद मिल रही शिकायत के बाद सभी जिलों को दिशा निर्देश जारी किया है.

आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद के अनुसार महापौर, अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की योग्यता से जुड़े दिशा निर्देश जारी किए गए हैं. इसके अनुसार प्रत्याशी का संबंधित नगर निकाय का मतदाता होना अनिवार्य होगा. हालांकि नगर निकाय की मतदाता सूची में शामिल व्यक्ति उस निकाय के किसी भी वार्ड से चुनाव लड़ सकता है, बशर्ते प्रत्याशी को वार्ड में लागू आरक्षण नियमों का पालन करना होगा. बहरहाल, चुनावी तैयारियों के बीच तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि फरवरी में चुनाव कराए जा सकें.

ये भी पढ़ें-

नगर निकाय चुनाव: रांची नगर निकाय क्षेत्र में मचा घमासान, निर्धारित हो रहे वार्डों के आरक्षण पर उठ रहे सवाल

पहली बार बैलेट पेपर से होगा झारखंड में नगर निकाय चुनाव, राज्य निर्वाचन आयोग ने लिया फैसला

शहर की सरकार बनाने को बेताब हैं राज्य की सत्तासीन पार्टियां! समर्थकों को जीत दिलाने की बन रही है रणनीति