बिजय सिंह गगराई को जान से मारने की धमकी, मामले में बीजेपी पहुंची चुनाव आयोग
चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के बीजेपी समर्थित प्रत्याशी बिजय सिंह गगराई को जान से मारने की धमकी दी गई है.


Published : February 18, 2026 at 8:51 PM IST
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के अपने समर्थित प्रत्याशी डॉ. बिजय सिंह गगराई को इंस्टाग्राम के माध्यम से मिली जानलेवा धमकी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. बुधवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचा और ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल ने धमकी का स्क्रीनशॉट और चक्रधरपुर थाने में दी गई शिकायत की प्रति आयोग को सौंपी. भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अभी तक कोई प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं की है और प्रत्याशी की सुरक्षा भी नहीं बढ़ाई गई है.
क्या कहा गया है धमकी में
भाजपा नेता सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि इंस्टाग्राम पर बिजय सिंह गगराई को खुलेआम धमकी दी गई जिसमे कहा गया है कि, “बिजय सिंह गगराई ज्यादा उछलो मत, जिस दिन चेयरमैन बन गया, तू रिजल्ट के दिन ही तेरा फुल मर्डर होगा.” उन्होंने कहा कि धमकी की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. गगराई की पत्नी ने चक्रधरपुर थाने में आवेदन दिया था, लेकिन मामला अभी तक दर्ज नहीं हुआ है.

भाजपा का आरोप और मांग
प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद को अवगत कराया कि इससे पहले भी चुनाव में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती और हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई थी. सुधीर श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की मंशा स्पष्ट है इस चुनाव में खून-खराबा करवाने की साजिश रची जा रही है. सरकार के इशारे पर अपराधी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों या सरकार विरोधी उम्मीदवारों को निशाना बना रहे हैं. उन्होंने कहा, “सरकार खुलकर खून-खराबा करवाना चाहती है. ऐसे प्रत्याशी निशाने पर हैं जो जीत के मुकाम पर खड़े हैं.”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी इस मामले में पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. भाजपा ने राज्य निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने और प्रत्याशियों की सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है.
ये भी पढ़ें:
धनबाद में मेयर प्रत्याशी पर सांसद ढुल्लू महतो का तंज, कहा- वोट मांगने से पहले लोगों को बताएं अपनी उपलब्धि
धनबाद नगर निगम चुनाव में विकास कार्यों के श्रेय पर सियासी संग्राम, जेएमएम और भाजपा आमने-सामने

