ETV Bharat / state

बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में कदाचार, 7 गिरफ्तार..10 के खिलाफ FIR

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में सख्त सुरक्षा के बावजूद 7 अभ्यर्थियों को कदाचार को लेकर गिरफ्तार किया गया, 10 के खिलाफ FIR दर्ज. पढ़ें-

MALPRACTICE IN BIHAR POLICE EXAM
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 15, 2026 at 10:24 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार पुलिस के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में सिपाही भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी जिलों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई. सख्त सुरक्षा इंतजामों के बावजूद कुछ जिलों में कदाचार की घटनाएं सामने आईं. आधिकारिक जानकारी के अनुसार परीक्षा के दौरान 7 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.

परीक्षा केंद्रों पर ऐसे हुई जांच: परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच और फ्रिस्किंग की गई. बायोमेट्रिक सत्यापन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के माध्यम से पूरे परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखी गई. पर्षद मुख्यालय में कमांड एंड कंट्रोल रूम स्थापित कर सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई थी.

कदाचार के मामले सामने आए: कड़ी सुरक्षा के बावजूद भी गया, कैमूर (भभुआ), नवादा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और अररिया जिलों में कदाचार के मामले सामने आये हैं, जिसमें गिरफ्तारियां और एफआईआर दर्ज हुई है.

MALPRACTICE IN BIHAR POLICE EXAM
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा अभ्यर्थी गिरफ्तार (ETV Bharat)

अधिकांश केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल: वहीं प्रशासन का दावा है कि राज्य के अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. किसी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली. अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रही और परीक्षा की गरिमा बनी रही.

दानापुर और पाटलिपुत्र स्टेशन पर भारी भीड़: परीक्षा के पहले चरण के दौरान रविवार को पटना के दानापुर और पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने से अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई. कई जगहों पर हंगामा भी हुआ, जिसके बाद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और सख्ती बरतनी पड़ी.

BIHAR POLICE SIPAHI PARIKSHA
दानापुर और पाटलिपुत्र पुलिस तैनात (raw)

परीक्षा का आयोजन और पदों का विवरण: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विज्ञापन संख्या 03/2025 के तहत मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, गृह विभाग (कारा) के “बैंडी” पद तथा परिवहन विभाग के “अवर निरीक्षक” पदों सहित कुल 4,236 पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा राज्य के सभी जिलों के 544 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई.

लाखों अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा: परीक्षा में कुल 11,04,473 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. रविवार को आयोजित पहली परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर 5,52,236 अभ्यर्थियों ने प्रवेश पत्र डाउनलोड किया. अभ्यर्थियों की भारी संख्या के कारण रेलवे स्टेशनों और परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ का दबाव देखने को मिला.

BIHAR POLICE SIPAHI PARIKSHA
सिपाही भर्ती परीक्षा में सख्त सुरक्षा (ETV Bharat)

आगामी चरणों में भी सख्ती, 17 जून को अगली परीक्षा: परीक्षा की अगली तिथि 17 जून 2026 निर्धारित है. केंद्रीय चयन पर्षद ने स्पष्ट किया कि आने वाले चरणों में भी समान सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी और कदाचार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें.

ये भी पढ़ें-

पटना रेलवे स्टेशन पर पत्थरबाजी, तोड़फोड़, सिपाही परीक्षा के परीक्षार्थियों का हंगामा

बिहार मद्य निषेध सिपाही परीक्षा: पाटलिपुत्र स्टेशन पर परीक्षार्थियों का पथराव, IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल