ETV Bharat / state

विश्व रक्तदाता दिवस: 14 जून को पूरे झारखंड में रक्तदान महाअभियान!

विश्व रक्तदाता दिवस को लेकर झारखंड के अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) ने सभी डीसी को निर्देश दिए हैं.

campaign regarding World Blood Donor Day will be conducted across Jharkhand
प्रतीकात्मक तस्वीर (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 12, 2026 at 11:04 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: रक्तदान को बढ़ावा देने और स्वैच्छिक रक्तदाता को सम्मान देने के लिए 14 जून को दुनिया भर में 'विश्व रक्तदाता दिवस' मनाया जाएगा. इस दिन को बेहद खास बनाने के लिए झारखंड के सभी जिलों और प्रखंडों में रक्तदान महाअभियान चलाने की योजना है. इस महाअभियान में निःशुल्क ब्लड ग्रुप और हीमोग्लोबिन जांच की भी व्यवस्था होगी.

झारखंड के अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अजय कुमार सिंह ने राज्य के सभी उपायुक्तों को निर्देश जारी कर अपने अपने जिले में विश्व रक्तदाता दिवस मनाने के निर्देश दिए हैं.

विश्व रक्तदाता दिवस की थीम बेहद खास

रविवार 14 जून को दुनियाभर में मनाया जानेवाला विश्व रक्तदाता दिवस में इस बार का थीम बेहद खास है. इस बार विश्व रक्तदाता दिवस का थीम 'मानवता की एक बूंद – रक्तदान करें, जीवन बचाएं' रखा गया है. जो लोगों को रक्तदान की महत्ता को बताते हुए उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित करता है.

राज्य के अपर मुख्य सचिव ने बताया कि इस बार 'विश्व रक्तदाता दिवस' का आयोजन राज्य भर में व्यापक जनभागीदारी वाले अभियान के रूप में किये जाने की योजना है. स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव एके सिंह ने सभी जिलों के डीसी को इसके लिए निर्देश जारी किया है.

जिसमें उन्होंने जिला और प्रखंड स्तर पर रक्तदान शिविर, जागरूकता कार्यक्रम, शपथ समारोह और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने को कहा है. जिसका उद्देश्य इच्छुक रक्तदाताओं का ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन और ब्लड कलेक्शन को बढ़ावा देना है.

उन्होंने कहा कि राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन का रूप दिए जाने की जरूरत है ताकि राज्य में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता को मजबूत बनाया जा सके. अपर मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों से अपने नेतृत्व में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर इन कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित कराने को कहा है. 14 जून को आयोजित कार्यक्रमों की रिपोर्ट और फोटोग्राफ्स विभाग को निर्धारित ई-मेल के माध्यम से भेजने का निर्देश दिया है.

पंचायतों में शपथ समारोह, रक्तदाताओं को सम्मान

अपर मुख्य सचिव एके सिंह ने सभी पंचायतों में सरपंच, मुखिया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए शपथ समारोह आयोजित करने का भी निर्देश दिया है. इसके साथ साथ पंचायत स्तर पर ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करने को कहा है जिन्होंने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई है. जिला और प्रखंड स्तर पर भी युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से 'जन भागीदारी' मॉडल के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का भी आदेश एसीएस ने दिए हैं.

सरकारी अस्पतालों में मुफ्त होगी ब्लड ग्रुप-हीमोग्लोबिन जांच

'विश्व रक्तदाता दिवस' के अवसर पर जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा स्वास्थ्य उपकेंद्रों में आम नागरिकों के लिए ब्लड ग्रुप और हीमोग्लोबिन की नि:शुल्क जांच की व्यवस्था की जाएगी. इससे लोगों को अपने रक्त समूह की जानकारी मिल सकेगी, जो भविष्य में किसी आपात स्थिति में रक्तदान और रक्त प्राप्त करने दोनों में उपयोगी साबित होगी.

अपर मुख्य सचिव ने 'विश्व रक्तदाता दिवस' से कम-से-कम एक सप्ताह पहले से जिला और प्रखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने, विभिन्न माध्यमों से लोगों को रक्तदान के महत्व, इसके स्वास्थ्य लाभ और जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में इसकी भूमिका के बारे में जागरूक करने का निर्देश भी दिया था ताकि अधिक से अधिक लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आ सकें.

इसे भी पढे़ं- झारखंड में 12 से 28 नवंबर तक चलेगा राज्यव्यापी रक्तदान महा अभियान, अपर मुख्य सचिव ने कहा 'सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना सबकी जिम्मेदारी'

इसे भी पढे़ं- हजारीबाग में यूथ विंग का रक्तदान शिविर, एक दिन में 325 यूनिट रक्त संग्रह

इसे भी पढे़ं- देवघर एम्स में ब्लड बैंक का उद्घाटन, अब मरीजों को रक्त के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा