गुरुग्राम में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, वजन कम करवाने का दे रहे थे झांसा
ब्यूटीशियन, डाइटिशियन और डॉक्टर बनकर लोगों को वजन कम करने के लिए दवा बेचने वाले फर्जी कॉल सेंटर का गुरुग्रम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है.

Published : June 28, 2026 at 8:42 PM IST
गुरुग्राम: जिला पुलिस की साइबर थाना टीम ने उद्योग विहार फेज-5 में छापेमारी कर वजन कम करने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंदीप, नेहा और वर्षा के रूप में हुई है.
दवा खरीदने वालों को 100 प्रतिशत रिफंड का वादा: पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी Curest Science and Wellness Pvt. Ltd. के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर हर्बल दवाइयों के विज्ञापन चलाकर लोगों को वजन कम करने का झांसा देते थे. दवा खरीदने वालों को 100 प्रतिशत रिफंड का वादा किया जाता था, लेकिन वजन कम न होने पर न तो पैसे लौटाए जाते थे और न ही ग्राहकों की शिकायत सुनी जाती थी. पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को ब्यूटीशियन, डाइटिशियन और डॉक्टर बताकर लोगों को गुमराह करते थे.
150 सिम कार्ड, 12 लैपटॉप जब्तः वहीं शुरुआती जांच में गुजरात समेत कई राज्यों में करोड़ों रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड, 12 लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं. मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

