पुलिस कंट्रोल रूम पर आई कॉल; कॉलर बोला- "7 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ा देंगे"
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि भ्रामक सूचना दी गयी थी.कई थानों की फोर्स स्टेशन पहुंची थी. सभी प्लेटफॉर्म चेक किये गये.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 10:34 PM IST
कानपुर: शहर में शुक्रवार शाम 7 बजे से कुछ मिनट पहले ही 112 पुलिस कंट्रोल रूम पर एक कॉल आई. डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि कॉलर ने कॉल रिसीव होते ही कहा कि शाम सात बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा. इसके बाद जैसे ही कॉल डिस्कनेक्ट हुई, तो फौरन ही कमिश्नरेट पुलिस के आला अफसरों ने अपनी गाड़ियां कानपुर सेंट्रल स्टेशन की ओर दौड़ा दीं.
सभी प्लेटफॉर्म की तलाशी ली गयी: डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स भी स्टेशन पहुंची और यहां पर एक-एक प्लेटफॉर्म का चप्पा-चप्पा तलाशा गया. हालांकि, डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने सवा सात बजे पत्रकारों से बात की और कॉल करने वाले की सूचना को अपुष्ट करार दिया. उन्होंने कहा, अब यह पता लगा है कॉल करने वाले ने फेक कॉल करके पुलिस को परेशान किया.
कॉल पर दी गयी सूचना निकली भ्रामक: डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि जब नंबर ट्रेस कराया गया और जानकारी ली गई तो सामने आया है जिस व्यक्ति के पास यह फोन है, उसका फोन 24 फरवरी को गिर गया था. ऐसे में साफ हो गया कि कॉल करने वाले ने भ्रामक सूचना दी थी. अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से कॉल करने वाले शख्स की तलाश की जा रही है. जल्द ही उसको गिरफ्तार किया जाएगा.
स्टेशन पर अफरा-तफरी: शहर के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शाम सात बजे, जैसे ही कई थानों की फोर्स पहुंची तो एक पल के लिए यात्री सहम गए. स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, लगातार पुलिस अफसरों की ओर से एनाउंसमेंट कराया गया, यात्री परेशान न हों. पुलिस अपने स्तर से स्टेशन पर जांच कर रही है. तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली.
यह भी पढ़ें- 2027 के विधानसभा चुनावों में सपा PDA तो बसपा अपनाएगी BDM मॉडल; ब्राह्मण, दलित और मुसलमानों पर पूरा फोकस

