प्रदर्शन कर रहे CAF वेटिंग अभ्यर्थियों को लाया गया रायपुर सेंट्रल जेल, पुलिस पर बदतमीजी का आरोप, कार्रवाई पर सवाल
नया रायपुर में CAF वेटिंग अभ्यर्थियों पर पुलिस की कार्रवाई, पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों से कहा प्रदर्शन स्थगित करो नहीं तो जाओगे जेल.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 19, 2026 at 6:10 PM IST
रायपुरः नया रायपुर के तूता धरनास्थल पर CAF वेटिंग के अभ्यर्थी 22 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं. उनकी हड़ताल को लगभग दो महीने होने वाले हैं. गुरुवार को अभ्यर्थी मंत्रालय घेराव की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें गेट के पास ही रोक लिया. इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए बदतमीजी का भी आरोप लगाया.
मंत्रालय घेराव से पहले रोका गया
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे 19 और 20 फरवरी को दो दिन का शांतिपूर्ण मंत्रालय घेराव करने जा रहे थे. उनका दावा है कि घेराव की सूचना पहले ही लिखित में दी गई थी. CAF वेटिंग अभ्यर्थी ओम प्रकाश राठौर के अनुसार, मंत्रालय के गेट के पास पहुंचते ही पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को जबरन बसों में बैठा लिया और रायपुर सेंट्रल जेल परिसर में ले जाकर छोड़ दिया.

महिला अभ्यर्थी से बदसलूकी का आरोप
एक महिला अभ्यर्थी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ बदतमीजी की. कुछ अभ्यर्थियों को चोट भी आई है. अभ्यर्थी के साथ कपड़े फाड़ने जैसी घटना का भी आरोप लगाया गया है. अभ्यर्थियों का कहना है कि पुलिस ने उन्हें धरना स्थगित करने की चेतावनी दी और ऐसा नहीं करने पर जेल भेजने की धमकी दी.

मासूम बच्ची के साथ दुर्व्यवहार का आरोप
एक अभ्यर्थी की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनकी दूधमुंही बच्ची को करीब 6 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरा दिया गया, जिससे उसके सिर में चोट आई और मुंह से खून निकला. दवा देने के बाद अब बच्ची की हालत में सुधार बताया जा रहा है.
मानवाधिकार संगठन भी आया समर्थन में
छत्तीसगढ़ मानव अधिकार न्याय सुरक्षा संगठन की अध्यक्ष पूनम पांडे ने कहा कि संगठन को घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके सदस्य मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया और कहा कि सरकार अभ्यर्थियों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है.
हम अपने अधिकार के लिए लड़ रहे हैं. अगर हमें नौकरी नहीं दे सकते तो जेल में डालने के बजाय हमें मृत्यु दे दीजिए.- पीड़ित अभ्यर्थी

क्या है अभ्यर्थियों की मांग?
CAF वेटिंग के अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं. उनका कहना है कि लंबे समय से वे इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है.अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें पहले आश्वासन दिया गया था कि उनकी मांगों पर चर्चा होगी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.


