ETV Bharat / state

319 करुणामूलकों को जल्द मिल सकती है सौगात, मल्टी टास्क वर्कर नियुक्तियों का रास्ता साफ करने को बनी कैबिनेट सब-कमेटी

प्रदेश सरकार ने सरकारी विभागों में मल्टी टास्क वर्करों की नियुक्ति और तैनाती की रूपरेखा तैयार करने के लिए कैबिनेट सब-कमेटी का गठन किया है.

HIMACHAL COMPASSIONATE APPOINTMENTS
करुणामूलकों को सौगात (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 23, 2026 at 9:28 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: जल शक्ति विभाग के तहत अनुकंपा आधार पर चतुर्थ श्रेणी में मल्टी टास्क वर्कर के रूप में नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की उम्मीदें एक बार फिर जाग उठी हैं. राज्य सरकार ने विभाग के चौकीदार, हेल्पर समेत अन्य चतुर्थ श्रेणी पदों को मल्टी टास्क वर्कर के रूप में भरने का निर्णय तो पहले ही ले लिया था, लेकिन तैनाती की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश न होने के कारण मामला लंबे समय से लंबित चल रहा था.

जानकारी के अनुसार, सरकार ने जल शक्ति विभाग में करुणामूलक आधार पर चतुर्थ श्रेणी नियुक्तियों को मंजूरी प्रदान की थी. इसके तहत विभाग ने 319 अभ्यर्थियों को पात्र पाया था. हालांकि विभाग में ऐसे करुणामूलकों की संख्या इससे कहीं अधिक बताई जा रही है. पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार होने के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी, क्योंकि विभाग के विभिन्न चतुर्थ श्रेणी पदों को मल्टी टास्क वर्कर के रूप में समायोजित करने को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी. ऐसे में इस संबंध में जल शक्ति विभाग ने भी आवश्यक दिशा-निर्देशों के लिए मामला राज्य सरकार के समक्ष भेजा था. अब सरकार ने प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में मल्टी टास्क वर्करों की नियुक्ति और तैनाती की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक कैबिनेट सब-कमेटी का गठन कर दिया है.

डिप्टी सीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित

हिमचल के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में गठित यह समिति मल्टी टास्क वर्करों की नियुक्ति, कार्यक्षेत्र और तैनाती संबंधी सभी पहलुओं पर विस्तृत खाका तैयार करेगी. यदि समिति समयबद्ध तरीके से अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें सरकार को सौंपती है, तो जल शक्ति विभाग के 319 पात्र करुणामूलकों समेत अन्य लंबित मामलों में भी नियुक्तियों का रास्ता खुल सकता है. ऐसे में अपने आश्रित सदस्य की मृत्यु के बाद रोजगार की उम्मीद में वर्षों से इंतजार कर परिवारों को बड़ी राहत मिल सकती है.

ये भी पढ़ें: BPL सूची में बड़ा बदलाव, हिमाचल में आय सीमा बढ़ी, अब ये परिवार भी सूची में होंगे शामिल

ये भी पढ़ें: हिमाचल के प्री-2016 पेंशनरों को जुलाई 2026 में मिलेगा बकाया एरियर, सरकार ने जारी किया आदेश