गुरुग्राम और फरीदाबाद में जलभराव की समस्या पर कैबिनेट मंत्री बोले- 'हमने बहुत काम किया, आगे और ज्यादा सुधार आएगा'
फरीदाबाद में जल भराव की समस्या और विधानसभा में कांग्रेस के रवैये पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल अपना पक्ष रखा.

Published : August 28, 2026 at 9:03 PM IST
फरीदाबादः हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल शुक्रवार को फरीदाबाद में थे. इस दौरान उन्होंने फरीदाबाद और गुरुग्राम शहर में हुए जलभराव के पैदा हुए हालात पर अपनी सफाई दी. इस दौरान हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस के रवैये पर तीखा हमला बोला.
'जलभराव को लेकर हमने बहुत काम किया है, आगे और सुधार आएगा': विपुल गोयल ने मीडिया से बात करते हुए गुरुग्राम और फरीदाबाद में जलभराव की समस्या को काफी हद तक निबटाने की बात कही. उन्होंने कहा कि "जलभराव को लेकर हमने बहुत काम किया है. आगे स्थिति में और ज्यादा सुधार आएगा." वहीं जलभराव के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि "गुरुग्राम में 200 एमएम बारिश के बाद भी प्रशासन ने कुछ ही घंटों में पानी निकाल दिया था. सरकार का पूरा प्रयास है कि आगे जनता को जलभराव का सामना न करना पड़े और नगर निगम स्थिति से पूरी तरह निपटने में सक्षम है."
'कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, वे बेवजह अपनी फजीहत करवा रहे हैं': विपुल गोयल ने 27 अगस्त के विधानसभा सत्र का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि "पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेसी विधायक काले कपड़े पहनकर पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की कर असभ्यता दिखाई. कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और वे बेवजह अपनी फजीहत करवा रहे हैं."

