अंकिता भंडारी मामले पर सौरभ बहुगुणा बोले- 'पूरा भरोसा है, सीएम जन भावनाओं के आधार पर लेंगे निर्णय'
उत्तराखंड में अंकिता भंडारी मर्डर केस को लेकर मचा है सियासी बवाल, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दी अपनी प्रतिक्रिया, मामले में रखी अपनी बात

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 6, 2026 at 5:38 PM IST
|Updated : January 6, 2026 at 5:57 PM IST
देहरादून: बीजेपी से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर की ओर से सोशल मीडिया पर अंकिता भंडारी से जुड़े तमाम ऑडियो और वीडियो जारी करने के बाद से ही सियासी बवाल मचा हुआ है. इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है कि राज्य सरकार जन भावनाओं का सम्मान करती है. ऐसे में उन्हें भरोसा है कि मुख्यमंत्री जन भावनाओं के आधार पर निर्णय लेंगे.
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मचा है घमासान: बता दें कि अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले को लेकर प्रदेश में राजनीतिक घमासान मचा हुआ है. मामले की सीबीआई जांच को लेकर विपक्षी दल समेत तमाम सामाजिक संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं. मामले ने तूल पकड़ा तो बीजेपी के तमाम नेताओं ने प्रेस वार्ता की. खुद सीएम धामी पीसी कर चुके हैं. बीजेपी के कुछ ऐसे भी नेता हैं, जो इस्तीफा देकर सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं.
सीएम धामी कही चुके ये बात: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मंगलवार को प्रेसवार्ता कर अंकिता भंडारी मामले पर अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होने कहा कि वो अंकिता भंडारी के माता-पिता से बातचीत करेंगे और कानूनी पहलुओं को देखेंगे. इसके बाद आगे का निर्णय लेंगे. इतना ही नहीं सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार किसी भी जांच से नहीं भाग रही है. बल्कि, जन भावनाओं का सम्मान करती है, लेकिन विपक्ष लगातार प्रदेश में माहौल बिगड़ने का षड्यंत्र रच रही है.
क्या बोले कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा? वहीं, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि अंकिता पहाड़ और उत्तराखंड की बेटी थी. उसके साथ जो हुआ, वो गलत हुआ. इस हत्याकांड में जो दोषी थे, उनको आजीवन कारावास की सजा मिली है. इस पूरे मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी गठित की थी. जिसने सभी पहलुओं पर जांच करते हुए दोषियों को सजा दिलवाई, लेकिन वर्तमान में कुछ ऐसे नए तथ्य भी ऑडियो और वीडियो के जरिए सामने आए हैं. जिसकी भी जांच होनी चाहिए.
"वर्तमान समय में कुछ नए तथ्य ऑडियो के जरिए सामने लाए गए हैं. जनता की भावना है कि इसकी भी जांच होनी चाहिए. मुझे पूरा विश्वास है कि सीएम धामी के नेतृत्व में पूरी सरकार ने हमेशा जन भावनाओं का ध्यान रखा है. जनता को साथ लेकर आगे बढ़ने का काम किया है. ऐसे में उम्मीद है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जो भी फैसला लेंगे, वो सोच समझकर और जनता की भावनाओं को ध्यान में रख लेंगे."- सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि जन भावनाओं का सम्मान हमेशा से ही बीजेपी सरकार ने किया है. जिसका जीता जाता उदाहरण हाल ही में पेपर लीक मामले में देखने को मिला. सरकार ने जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सीबीआई जांच का निर्णय लिया. ऐसे में उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार बनी है तो उत्तराखंड की मातृशक्ति के आशीर्वाद से युवाओं के साथ और बुजुर्गों के आशीर्वाद से बनी है. अगर उत्तराखंड की भावना है कि उसमें जांच होनी चाहिए तो उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार जन भावनाओं का सम्मान करेगी.
ये भी पढ़ें-
- अंकिता भंडारी केस में कांग्रेस के प्रदर्शन पर सीएम धामी बोले- 'दिल्ली में पीसी, कहीं कोई षडयंत्र तो नहीं चल रहा?'
- अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिलेंगे सीएम धामी, CBI जांच पर बोले- वो जो मांग करेंगे, वैसी जांच कराएंगे
- अंकिता भंडारी केस को लेकर अल्मोड़ा में उबाल, करन माहरा बोले- सीएम धामी और रेनू बिष्ट से भी हो पूछताछ
- अंकिता भंडारी केस पर बीजेपी नेताओं को विरोध! सांसद अजय भट्ट को दिखाए गए काले झंडे

