बजट सत्र के बीच आज कैबिनेट बैठक, अहम विधेयकों को मंजूरी संभव
विधानसभा की कार्यवाही के बीच भजनलाल शर्मा की अगुवाई में कैबिनेट बैठक में अहम विधेयकों पर चर्चा और मंजूरी की संभावना है.

Published : February 25, 2026 at 8:49 AM IST
जयपुर : विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही बुधवार को प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. इस बीच दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक विधानसभा में मंत्रिमंडल कक्ष में होगी. मुख्यमंत्री कार्यालयकी ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इसमें कई अहम विधेयकों को मंजूरी मिलने की संभावना है, जिन्हें सरकार आगामी दिनों में सदन के पटल पर रख सकती है. दूसरी ओर नगरीय विकास एवं आवासन तथा स्वायत्त शासन विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी. चर्चा के बाद इन मांगों को पारित किया जाएगा.
प्रश्नकाल में 46 सवाल: सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से आरंभ होगी. 23-23 तारांकित और अतारांकित प्रश्न हैं. उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से संबंधित विभागों-उद्योग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, जल संसाधन, जनजाति क्षेत्रीय विकास, राजस्व, नगरीय विकास और ऊर्जा-से जुड़े मुद्दों पर सदस्यों की ओर से सवाल-जवाब होंगे. विपक्ष इन विभागों की योजनाओं, बजटीय प्रावधानों और क्रियान्वयन को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है.
ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा : सदन में विभिन्न विधायकों के लगाए ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी. विधायक मोतीराम ने सिरोही जिले के छात्रावासों के लिए आवंटित भूमि निरस्त किए जाने से उत्पन्न स्थिति पर राजस्व मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे. विधायक छोटू सिंह भाटी जैसलमेर जिले में सोलर परियोजना के लिए नियोजित भूमि आवंटन से उत्पन्न पर्यावरणीय और सामाजिक समस्याओं का मुद्दा उठाएंगे. विधायक चंद्रभान सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की पूर्ण पालना में रेत भराव और मलबा हटाने और आना सागर झील के चारों ओर जमा मिट्टी की डिसिल्टिंग कराने के संबंध में प्रस्ताव लगाया है, जिस पर नगरीय विकास राज्यमंत्री जवाब देंगे.
वार्षिक प्रतिवेदन और समिति रिपोर्ट्स पेश होंगी : सदन की मेज पर कई वार्षिक प्रतिवेदन रखे जाएंगे. यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर विकास प्राधिकरणों के वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे. साथ ही भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण और राजस्थान आवश्यक मंडल का प्रतिवेदन भी सदन में रखा जाएगा. राजकीय उपक्रम समिति के सभापति कालीचरण सराफ विभिन्न प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे. इनमें सीएजी की ओर से राजस्थान राज्य खान एवं खनिज लिमिटेड, राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड, राजस्थान राज्य बीज निगम एवं भंडारण व्यवस्था निगम लिमिटेड और तीनों डिस्कॉम से संबंधित प्रतिवेदन शामिल हैं.
पढ़ें:विधानसभा बजट सत्र: सवालों में फिर घिरे सरकार के मंत्री, पक्ष-विपक्ष में तीखी नोकझोंक
सदन में याचिकाएं और विधायी कार्य : आज सदन में कई याचिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी. विधायक संजीव कुमार भादरा के राजकीय महाविद्यालय को क्रमोन्नत करने की मांग उठाएंगे. विधायक संदीप शर्मा कोटा दक्षिण के कैथूनीपोल चौराहे के सौंदर्यीकरण और एलीवेटेड सड़क निर्माण का मुद्दा रखेंगे. विधायक हमीर सिंह भायल सिवाना में पशुपालक आवासीय विद्यालय खोलने और दमकल वाहन उपलब्ध कराने की मांग करेंगे. विधायक हाकम अली खां फतेहपुर (सीकर) स्थित रामगढ़ बाईपास निर्माण को लेकर याचिका लगाएंगे. विधायी कार्य के तहत 'राजस्थान विक्षुब्ध क्षेत्रों में स्थावर संपत्ति के अंतरण का प्रतिषेध और परिसरों से किरायेदारों को बेदखली से संरक्षण के लिए उपबंध विधेयक, 2026' सदन में प्रस्तुत किया जाएगा.

