करनाल में कैब चालक का मिला शव, लूट के बाद हत्या की आशंका, इलाके में दहशत का माहौल
करनाल में कैब चालक का शव मिला है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Published : February 25, 2026 at 4:32 PM IST
करनाल: करनाल के स्टोन्डी गांव के पास नहर किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस की मानें तो शुरुआती जांच में मामला लूट के बाद हत्या का लग रहा है. हालांकि पुलिस अभी हर पहलू पर जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
दिल्ली से बुक हुई थी कैब : सदर थाना SHO तरसेम ने बताया कि, "दिल्ली से कैमला के लिए एक कैब बुक की गई थी, जिसे चालक शाहरुख चला रहा था. वह दोपहर तक पहुंच गया था, लेकिन कुछ समय बाद उसका फोन लगातार बजने के बावजूद नहीं उठा. इससे परिजनों और कैब मालिक को चिंता हुई. बाद में परिवारवालों ने पुलिस को सूचना दी."
नहर किनारे मिला शव: सदर थाना SHO तरसेम के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मौके पर पुलिस को शव मिला. शव की पहचान शाहरुख के रूप में हुई. परिवारवालों को भी पुलिस ने घटनास्थल पर बुलाया. हालांकि वहां उसकी कैब नहीं मिली. इसी आधार पर पुलिस आशंका जता रही है कि बदमाश हत्या के बाद वाहन लेकर फरार हो गए.
बुकिंग करने वालों की तलाश में जुटी पुलिस :पुलिस का फोकस अब उन लोगों पर है, जिन्होंने दिल्ली से कैब बुक की थी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वे वास्तव में कैमला पहुंचे या नहीं और उनका असली मकसद सफर था या वारदात को अंजाम देना. फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज: फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल पर काम कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी.
ये भी पढ़ें: हरियाणा सचिवालय में IAS अधिकारी के सचिव ने की खुदकुशी, मचा हड़कंप, कुछ दिनों बाद होनी थी रिटायरमेंट

