देहरादून सीए एसोसिएशन का नेतृत्व संभालेंगे अंकित गुप्ता, गिनाई अपनी प्राथमिकताएं
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की देहरादून शाखा में साल 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है. अंकित गुप्ता अध्यक्ष बने.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 1, 2026 at 10:28 PM IST
देहरादून: भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (The Institute of Chartered Accountants of India) के मध्य भारत क्षेत्रीय परिषद (Central India Regional Council) की देहरादून शाखा के वर्ष 2026-27 के लिए नव निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा कर दी गई है. नई कार्यकारिणी में सीए अंकित गुप्ता को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. नई टीम आगामी सत्र में पेशेवर गतिविधियों को गति देने, सदस्यों के हितों की रक्षा करने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सशक्त बनाने की दिशा में काम करेगी.
घोषित पदाधिकारियों में सीए अंकित गुप्ता अध्यक्ष, सीए जस्मीत सिंह चौधरी उपाध्यक्ष, सीए अरविंद सिंह रावत सचिव और सीए प्रणय सेठ कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं. इसके अलावा सीए साहेब आनंद को सीआईसीएएसए (छात्र विंग) का अध्यक्ष और सीए परिमल पटेट को कार्यकारिणी समिति का सदस्य नामित किया गया है. नई टीम के गठन के साथ ही देहरादून शाखा में उत्साह का माहौल है.
"मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वो मैं पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाऊंगा. शाखा का मुख्य उद्देश्य पेशेवर उत्कृष्टता को बढ़ावा देना, नियमित सेमिनार, वर्कशॉप और सीपीई (Continuing Professional Education) कार्यक्रमों का आयोजन करना और युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहेगा."- सीए अंकित गुप्ता, नव निर्वाचित अध्यक्ष, आईसीएआई देहरादून शाखा
उन्होंने ये भी कहा कि बदलते आर्थिक परिदृश्य, जीएसटी सुधारों, कराधान व्यवस्था और डिजिटल अनुपालन की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सदस्यों को अद्यतन ज्ञान उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी. सीए अंकित गुप्ता ने विश्वास जताया कि सामूहिक नेतृत्व, पारदर्शी कार्यप्रणाली और टीम वर्क के माध्यम से देहरादून शाखा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा.
वहीं, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी शाखा की गतिविधियों को अधिक प्रभावी और सहभागी बनाने का संकल्प लिया. अध्यक्ष के रूप में विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम, करियर काउंसलिंग सत्र और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े मार्गदर्शन सत्र आयोजित करने पर जोर देंगे.
शाखा की ओर से सभी सदस्यों से अपील की गई है कि वे साल 2026-27 के दौरान आयोजित होने वाले शैक्षणिक, व्यावसायिक और सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें. शाखा का लक्ष्य है कि स्थानीय स्तर पर चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे को और मजबूत बनाया जाए और समाज में वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा दिया जाए.
गतिविधियों का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे: गौर हो कि देहरादून शाखा समय-समय पर कराधान, ऑडिट, कंपनी कानून और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर कार्यक्रम आयोजित करती रही है. नई कार्यकारिणी के गठन के बाद सदस्यों को उम्मीद है कि आने वाले सत्र में गतिविधियों का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे.
ये भी पढ़ें-

