मथुरा में कारोबारी की हत्या, कमरे में मिला शव; शरीर पर चोट के निशान, लूट की भी आशंका
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 5:29 PM IST
|Updated : January 4, 2026 at 5:37 PM IST
मथुरा : जिले के गोविंदनगर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह कारोबारी की हत्या का मामला सामने आया है. कमरे में अलमारी के दरवाजे खुले होने के चलते लूट की भी आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है. घटना की जानकारी के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है.
गोविंदनगर थाना क्षेत्र के तेलीपाड़ा में रहने वाले सर्राफा व्यवसायी सतीश चंद्र अग्रवाल अपने तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर अकेले रहते थे. उनके घर के ग्राउंड फ्लोर पर उनकी अपनी दुकान है और पीछे के हिस्से में एक किराएदार रहता है, दूसरी मंजिल पर भी एक अन्य परिवार किराए पर रहता है.
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि पीआरबी की सूचना पर गोविंद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी. सर्राफा व्यवसायी सतीश चंद्र अग्रवाल फर्स्ट फ्लोर पर उनका आवास और दुकान है. सेकेंड फ्लोर और थर्ड फ्लोर पर किराएदार रहते हैं. उन्होंने बताया कि पड़ोसियों ने सूचना दी कि कारोबारी सतीश चंद्र अग्रवाल अपने बिस्तर पर लेटे हुए हैं उठ नहीं रहे हैं.
उन्होंने बताया कि जानकारी के बाद मौके पर पुलिस पहुंची तो पाया गया कि उनके सिर पर चोट के निशान हैं और मृत अवस्था में पड़े हुए हैं. जिसके बाद फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के द्वारा छानबीन की जा रही है. यह इंजरी किस हथियार से और किसके द्वारा की गई है, इसकी पड़ताल की जा रही है. मामले में तहरीर लेकर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है. कमरे में सामान फैला हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक सतीश चंद्र के तीन विवाहित पुत्र हैं, जो अपने-अपने परिवारों के साथ बाहर रहते हैं. बड़ा बेटा मुकुल पुणे में, दूसरा बेटा मयंक नोएडा में और सबसे छोटा बेटा अभिषेक गुरुग्राम में जॉब करता है. दो साल पहले पत्नी रजनी के निधन के बाद सतीश चंद्र घर में अकेले ही रह रहे थे.
यह भी पढ़ें : बिजनौर में दिनदहाड़े किसान की गोली मारकर हत्या, दो दिन बाद होने वाली थी सगाई

