जमीन से निकला सोना बता दिया लालच, यूपी से बूंदी पहुंचा व्यापारी, 2.15 लाख ठगे, दो आरोपी गिरफ्तार
आरोपी पहले विश्वास में लेकर लोगों को सोना लेने बूंदी बुलाते और पेमेंट लेने के बाद मारपीट कर भगा देते थे.


Published : January 7, 2026 at 7:24 PM IST
बूंदी: जमीन से निकला सोना बताकर सस्ते दामों में लोगों को नकली सोना बेचने वाले दो शातिर अपराधियों को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.15 लाख रुपए और कार भी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ में जुटी है. आरोपियों से और भी वारदाते खुलने की संभावना जताई जा रही है.
सदर थाना प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि सस्ता सोना दिखाकर लोगों को नकली सोना बेच कर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी की गई राशि 2 लाख 15 हजार रुपए नकद राशि और वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुरिया उर्फ बबलू और कालू के रूप में हुई है. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी पूर्व में भी लूट, डकैती, नकबजनी, चोरी, मारपीट व अवैध शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में चालानशुदा रह चुके हैं.
पढ़ें: नकली सोना : तीन ठग बूंदी से गिरफ्तार, 3 लाख से ज्यादा की राशि बरामद, जानिए चौंकाने वाला खुलासा
इस तरह पकड़ में आए शातिर ठग: थाना प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि 22 दिसंबर, 2025 को फरियादी अजय कुमार गुप्ता (34), निवासी शाहजहापुर, उत्तर प्रदेश ने रिपोर्ट देकर बताया कि लगभग एक माह पूर्व वह खाटुश्यामजी दर्शन के लिए गया था. जहां उसकी मुलाकात बबलू नाम के व्यक्ति से हुई. बबलू ने जमीन से निकला सोना मिलने की बात कहते हुए कम दाम में सोना देने का लालच दिया और अपना मोबाइल नंबर भी दिया. 12 दिसंबर को बबलू ने अजय को अपने घर रामनगर बुलाया. जब वह बूंदी पहुंचा, तो बस स्टैंड से बबलू उसे कार में रामनगर ले गया. जहां कालू नाम के व्यक्ति से भी मुलाकात करवाई. वहां आरोपियों ने सोने का एक छोटा टुकड़ा सैंपल के तौर पर दिया, जिसे अजय ने जांच के लिए लिया और बदले में 10 हजार रुपए दिए. जांच में सैंपल सही निकलने पर अजय को विश्वास हो गया.
पढ़ें: नकली सोने के बिस्किट देकर लाखों रुपए ऐंठने वाली गैंग का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार
'10 ग्राम सोना एक लाख में': थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ दिन बाद आरोपियों ने सस्ते सोने का लालच देकर अजय को दोबारा बूंदी बुलाया और 10 ग्राम सोना मात्र 1 लाख रुपए में देने का झांसा दिया. 19 दिसंबर को अजय 2 लाख 15 हजार रुपए नकद और एक विवो मोबाइल फोन लेकर बूंदी पहुंचा. वहां से आरोपी उसे फिर रामनगर ले गए. घर पहुंचते ही आरोपियों ने पैसे ले लिए, लेकिन सोना नहीं दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरियादी को भगा दिया. उधर थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी धार्मिक स्थलों पर घूमने आए लोगों को निशाना बनाते थे और सस्ते सोने का लालच देकर बूंदी बुलाते थे. वहां नकली सोना दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठ लेते और विरोध करने पर मारपीट या धमकी देकर फरार हो जाते.

