पानीपत में कारोबारी ने की पत्नी संग खुदकुशी, मचा हड़कंप, शव की तलाश जारी, जांच में जुटी पुलिस
पानीपत में कारोबारी ने पत्नी संग खुदकुशी कर ली. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Published : May 18, 2026 at 1:37 PM IST
पानीपत:पानीपत में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब असंध निवासी एक कारोबारी ने अपनी पत्नी के साथ खुदकुशी कर ली. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर इसराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. फिलहाल गोताखोरों की मदद से दंपति के शव की तलाश जारी है. वहीं, घटनास्थल से दंपती की स्कूटी, चप्पल और पर्स बरामद हुए हैं.
नहर किनारे मिला सामाना: स्थानीय लोगों की मानें तो दोनों असंध से स्कूटी पर सवार होकर सिवाह नहर पुल के पास पहुंचे थे. दोनों ने पहले स्कूटी किनारे खड़ी की, चप्पलें उतारकर स्कूटी पर रखीं और फिर हाथ पकड़कर नहर में उतर गए. शुरुआत में लोगों को लगा कि दोनों नहाने के लिए पानी में उतरे हैं, लेकिन कुछ ही देर तक जब वो नहीं लौटे तब लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी.
शव की तलाश जारी: इधर, सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इसराना हरि राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. गोताखोरों की सहायता से नहर में दोनों की तलाश में जुट गए.थाना प्रभारी हरि राम ने बताया कि, "सुबह कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक पुरुष और एक महिला नहर में डूब गए हैं. डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बाद में पुलिस बल भी वहां पहुंच गया. मौके पर खड़ी स्कूटी, चप्पल और पर्स बरामद हुए हैं. पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कर दिया है. आसपास घूम रहे लोगों ने बताया कि शुरुआत में ऐसा लगा कि दोनों नहाने के लिए पानी में उतरे हैं, लेकिन बाद में वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए."
भाई बोले- "कारोबार में नहीं थी कोई परेशानी": इस पूरे मामले में मृतक के भाई ने बताया कि, "मुरारी लाल गोयल असंध के रहने वाले थे. आढ़त व सेलर का काम करते थे. परिवार को सुबह उस समय शक हुआ, जब बच्चे सैर के लिए निकले और घर पर माता-पिता व स्कूटी नहीं मिली. इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. बाद में सिवाह नहर पुल के पास स्कूटी खड़ी होने की सूचना मिली. परिवार या कारोबार में किसी प्रकार की परेशानी सामने नहीं आई थी. मुरारी लाल हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे और कारोबार भी अच्छा चल रहा था."
जांच में जुटी पुलिस: परिजनों की मानें तो मुरारी लाल गोयल (60) अपनी 56 वर्षीय पत्नी के साथ सुबह घर से निकले थे. मुरारी लाल गोयल इलाके के बड़े कारोबारी बताए जा रहे हैं. वे राइस मिलर होने के साथ-साथ आढ़त का कारोबार भी करते थे और उनकी एक फ्रैक्ट्री भी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें:करनाल में क्लर्क डिंपल अरोड़ा हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा

