धौलपुर में बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, 30 लोग घायल, कई की हालत गंभीर
धौलपुर के बाड़ी में ओवरटेकिंग के चक्कर में बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई. हादसे में कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं.

Published : July 4, 2026 at 6:45 PM IST
धौलपुर: जिले में बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-11बी पर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने शनिवार को बस और ट्रक के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में बस में सवार 30 यात्रियों के घायल होने की खबर है. घायलों को तुरंत बाड़ी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब आधा दर्जन की हालत नाजुक बताई जा रही है. इन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
थाना प्रभारी मोहर सिंह के अनुसार धौलपुर से बाड़ी जा रही यात्री बस पेट्रोल पंप के पास पहुंची ही थी कि बाड़ी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की आगे की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए.
इसे भी पढ़ें- खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचला, महिला की मौत और दो गंभीर घायल
ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल: उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने ही घायलों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी. पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल यात्रियों को बस से रेस्क्यू कर बाड़ी सरकारी अस्पताल पहुंचाया. थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है.
ओवरटेकिंग रही हादसे की वजह: थाना प्रभारी मोहर सिंह के अनुसार, ट्रक खानपुर गांव के पास पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ रहा था. ट्रक चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में अचानक मुड़ा, तभी सामने से आ रही बस से उसकी टक्कर हो गई. तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के गलत तरीके को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- चूरू के निकट सड़क हादसा, एसयूवी ने कार को मारी टक्कर, दो की मौत, एक घायल

