खैरागढ़ में पैरा के ढेर में मिला 95 साल के बुजुर्ग का जला हुआ शव, हादसा या हत्या, जांच जारी
पैरा के ढेर में आग लगी हुई थी जिसके बाद ग्रामीणों ने पैरा हटाया तो 95 साल के बुजुर्ग का शव झुलसा हुआ मिला.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 29, 2025 at 9:12 PM IST
खैरागढ़: जिले के मानपुर नाका क्षेत्र में सोमवार सुबह 95 साल के बुजुर्ग का शव जली हुई हालत में मिला है. खेत में पैरा के ढेर से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे. पैरा हटाया गया तो अंदर का मंजर खौफनाक था.
मौके पर पहुंची पुलिस: शांत माने जाने वाले इस इलाके में भयावह घटना से ग्रामीण हैरान रह गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया.
खेत में ही रहते थे बुजुर्ग: पैरा के ढेर के बीच से जब शव बाहर निकाला गया तो पास में पड़ी छड़ी और डंडे के आधार पर मृतक की पहचान हुई. ग्रामीण दुर्जनराम वर्मा की उम्र लगभग 95 वर्ष थी. ग्रामीणों के अनुसार, दुर्जनराम वर्मा अक्सर इसी खेत में रहते थे और यहीं उनका अधिकांश समय बीतता था.
उठ रहे कई सवाल: सबसे बड़ा सवाल यह है कि, क्या पैरा के ढेर में अचानक आग लगी, क्या यह एक दर्दनाक हादसा है या फिर किसी ने इस बुज़ुर्ग को साजिश के तहत मारा है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. हादसा, लापरवाही या साजिश तीनों ही संभावनाओं को ध्यान में रखा गया है.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार: शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया है. एडिशनल एसपी नीतीश कुमार गौतम का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि वृद्ध की मौत आग से हुई या आग लगने से पहले ही उसकी जान जा चुकी थी.
इस घटना के बाद से मानपुर नाका और आसपास के गांवों में डर का माहौल है. एडिशनल एसपी नीतीश कुमार गौतम ने कहा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है, बहुत जल्द खुलासा होगा.

