ETV Bharat / state

सहारनपुर में कार में मिला जला हुआ शव; पुलिस ढूंढ रही सुराग

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कार में जला हुआ शव मिला है. नज़दीकी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की जांच की जा रही है.

Photo Credit: ETV Bharat
हर एंगल से जांच कर रही सहारनपुर पुलिस. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 25, 2026 at 4:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सहारनपुर: सहारनपुर के थाना गागलहेड़ी इलाके में ऑल्टो कार में एक शख्स की जली हुई लाश मिली. काली नदी चौकी इलाके के चौरा खुर्द और अमरपुर के जंगल में ऑल्टो कार पूरी तरह जली हुई मिली है. सूचना मिलते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह समेत आला अधिकारी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल पर बारीकी से जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस को हत्या की आशंका: मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की. पुलिस ने कार की पहचान कर ली है, जबकि शव की पहचान की जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव की पहचान छिपाने के लिए उसे कार में रखकर जलाया गया है. पुलिस अब सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है.

जानकारी देते एसएसपी अभिनंदन सिंह. (Video Credit: ETV Bharat)

पुलिस ने फॉरेंसिक जांच की: एसएसपी अभिनंदन सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया. फॉरेंसिक टीम ने कार के अंदर और आसपास के रास्तों से महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा किए हैं. शव बुरी तरह जला होने की वजह से फिलहाल उसकी शिनाख्त कर पाना मुश्किल हो रहा है. इसके चलते पुलिस तकनीकी और मानवीय इनपुट्स के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है.

गुमशुदगी और गाड़ी मालिक की तलाश: एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि आसपास के सभी थानों में दर्ज हालिया गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है. कार के रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर के आधार पर गाड़ी के मालिक की पहचान कर ली गई है. पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि क्या शख्स की हत्या कहीं और की गई और शव को यहां लाकर जलाया गया. ग्रामीणों के मुताबिक, रात के समय यह जंगल का इलाका काफी सुनसान रहता है.

Photo Credit: ETV Bharat
मौके पर तफ़्तीश करती पुलिस की टीम. (Photo Credit: ETV Bharat)

CCTV फुटेज और हादसे का एंगल: सुनसान इलाका होने के कारण अपराधियों के लिए वारदात को अंजाम देना आसान हो सकता था. पुलिस कार की गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. इसी बीच SP देहात सागर जैन ने बताया कि पुलिस को पहले एक अज्ञात गाड़ी के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची टीम को गाड़ी काफी खराब और जली हुई हालत में खड़ी मिली थी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार: शुरुआती जांच के एक पहलू में इसे रोड एक्सीडेंट की संभावना से भी जोड़कर देखा जा रहा है. गाड़ी की डिटेल्स के आधार पर मालिक से संपर्क कर जरूरी पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने मृतक के अवशेषों को कब्जे में लेकर विस्तृत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत की असली वजह और घटना की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.

यह भी पढ़ें- मोदी सरकार पर बरसे योगी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, समधी पर इनकम टैक्स के छापे से नाराज़