बुरहानपुर में भगवान के लिए AC का इंतजाम, भीषण गर्मी में रोजाना लग रहा चंदन का लेप और सौंफ का भोग
बुरहानपुर के ऐतिहासिक मंदिरों में भगवान को चंदन लेप और सौंफ भोग से किया जा रहा ठंडा. गर्मी में राहत दिला रहा एयर कंडिशनर.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 28, 2026 at 6:07 PM IST
|Updated : April 28, 2026 at 6:20 PM IST
बुरहानपुर: इन दिनों प्रचंड गर्मी से लोग काफी परेशान हैं. बुरहानपुर में दिन का तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. ऐसे में शहर के प्रमुख मंदिरों में भगवान को गर्मी से राहत दिलाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. इसके लिए मंदिर ट्रस्ट ने भगवान को चंदन का लेप, सौंफ का भोग लगाया और गर्भगृह में ठंडक के लिए बड़े-बड़े एसी भी लगाये गये हैं. सिलमपुरा स्थित ऐतिहासिक श्री स्वामीनारायण मंदिर में विराजमान श्री लक्ष्मीनारायण देव और श्री हरीकृष्ण महाराज का चंदन की मालाओं से श्रृंगार किया गया.
मंदिरों में लगे एसी
ऐतिहासिक श्री स्वामीनारायण मंदिर के गर्भगृह में भगवान श्री लक्ष्मीनारायण देव और श्री हरीकृष्ण महाराज को गर्मी से राहत दिलाने के लिए विशेष प्लान तैयार किया है. मंदिर ट्रस्ट ने इस साल भगवान को चंदन का लेप और सौंफ का भोग लगाया है. इसके साथ ही सभी मंदिरों में एसी (AC) भी लगाये गये हैं.
भगवान को रोजाना लगाया जा रहा है चंदन का लेप
श्री स्वामीनारायण मंदिर के स्वामी चिंतन प्रियदास बताते हैं कि "भगवान हमारे पालनहार है. उनकी सेवा ही हमारा सच्चा धर्म है. यही वजह है कि हर मौसम में पूरी श्रद्धा से हम भगवान की सेवा में हम जुट जाते हैं. रोजाना भगवान को चंदन के वाघे यानि लेप लगाया जा रहा है, ताकि इस भीषण गर्मी में गर्भगृह में भगवान को शीतलता मिल सके और उन्हें गर्मी-लू से भी राहत मिले."

- मशीनों से तैयार होगा 'महाकाल' का लड्डू प्रसाद, 15 दिन से पहले खराब हुआ तो 25 लाख जुर्माना
- इतिहास समेटे छतरपुर के प्राचीन 3 सूर्य मंदिर, भोर की पहली किरण सीधे गर्भगृह तक
भगवान और मनुष्य का है सेवा भाव का रिश्ता
भक्त गोपाल देवकर ने बताया कि "जैसे मनुष्य खुद की सुरक्षा के लिए विशेष उपाय करते हैं. वैसे ही भगवान श्री स्वामीनारायण देव, श्री हरि कृष्ण महाराज जी सहित अन्य देवी देवताओं के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं. सभी मंदिरों में कूलर और एसी लगाये गये हैं. भगवान और मनुष्य का सेवा भाव का रिश्ता है. मनुष्य का भी कर्तव्य है कि भगवान का विशेष रूप से ध्यान रखें."


